
मुंबई: टीवी अभिनेत्री निधि शेट्टी, जो लोकप्रिय धारावाहिक 'अनुपमा' में प्रेरणा का किरदार निभा रही हैं, का मानना है कि यह शो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में मौजूद कई अहम मुद्दों पर लोगों को सोचने के लिए भी प्रेरित करता है।
आईएएनएस से बातचीत में निधि ने कहा कि 'अनुपमा' दर्शकों से इसलिए गहराई से जुड़ता है क्योंकि इसकी कहानी आम परिवारों की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाती है। उन्होंने कहा, "प्रेरणा के सफर के जरिए हम उन मुद्दों की बात कर रहे हैं, जो आज भी कई परिवारों में मौजूद हैं। अगर इस शो को देखकर कुछ लोग भी अपनी सोच बदलते हैं, तो यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि होगी। एक कलाकार के तौर पर ऐसी कहानी का हिस्सा बनना संतोष देता है, जो मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर चर्चा को भी बढ़ावा देती है।"
शो में प्रेरणा के भावुक टकराव वाले दृश्य पर बात करते हुए निधि ने कहा कि यह सिर्फ गुस्से का प्रदर्शन नहीं था, बल्कि एक महिला की भावनाओं को दिखाने की कोशिश थी।
उन्होंने कहा, "प्रेरणा अपने कपड़ों की वजह से नहीं लड़ रही, बल्कि इसलिए क्योंकि वह अपनी निजी पसंद को लेकर लगातार होने वाले फैसलों और आलोचनाओं से थक चुकी है। उसे सबसे ज्यादा इस दोहरे मापदंड ने आहत किया कि बेटी के लिए जो बातें सामान्य मानी जाती हैं, वही बहू के लिए सवाल बन जाती हैं।"
निधि का मानना है कि कई महिलाएं इस भावना से खुद को जोड़ पाएंगी। उन्होंने कहा, "सम्मान किसी महिला के पहनावे या परिवार में उसकी भूमिका के आधार पर तय नहीं होना चाहिए। हर महिला को बिना किसी फैसले या आलोचना के अपनी पसंद से जीवन जीने का अधिकार है।"
अभिनेत्री ने यह भी स्वीकार किया कि यह विषय उनके निजी जीवन से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि एक अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर होने के नाते उन्हें भी कई बार सिर्फ उनके पहनावे या तस्वीरों के आधार पर आंका गया है।
उन्होंने कहा, "लोग अक्सर कुछ तस्वीरें या वीडियो देखकर ही राय बना लेते हैं, बिना यह जाने कि आप वास्तव में कैसे इंसान हैं। मुझे भी कई बार मेरे कपड़ों की वजह से जज किया गया, लेकिन समय के साथ मैंने समझ लिया कि हर किसी को खुश नहीं किया जा सकता। सबसे जरूरी बात यह है कि आप खुद में सहज और आत्मविश्वासी रहें।"
शो की मौजूदा कहानी में प्रेरणा अपने परिवार की संपत्ति में अपना हिस्सा मांगती नजर आ रही है। इस पर निधि ने कहा कि इसे लालच के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "प्रेरणा अब अपने सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और अपने फैसले खुद लेने की आजादी चाहती है। अपने हिस्से की मांग लालच नहीं, बल्कि अपने दम पर भविष्य बनाने की इच्छा है।"
बता दें कि 'अनुपमा' का निर्माण दीपा शाही और राजन शाही ने किया है। इस लोकप्रिय धारावाहिक में रूपाली गांगुली मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
With inputs from IANS
