मलाइका अरोड़ा के जन्मदिन पर अमृता का भावुक संदेश, बहनों की लड़ाई से लेकर अटूट रिश्ते तक की सुनाई कहानीBy IANS Sat, 24 October 2026 11:50 AM

Photo: IANS

अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के जन्मदिन पर उनकी बहन अमृता अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर एक खास संदेश साझा किया। अमृता ने अपने संदेश में दोनों बहनों के बीच होने वाली नोकझोंक, भावुक पलों और सालों के दौरान और मजबूत हुए रिश्ते को याद किया। उनका यह अंदाज बहनों के बीच के उस रिश्ते को बयां करता है, जिसमें तकरार के बावजूद एक-दूसरे का साथ कभी नहीं छूटता।

अमृता ने मलाइका की काले रंग की पोशाक में एक तस्वीर साझा करते हुए मजाकिया अंदाज में उनके लिए जन्मदिन की शुभकामनाएं लिखीं। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच कपड़ों को लेकर अक्सर बहस होती थी और कई बार घंटों तक किसी बात पर सहमति नहीं बन पाती थी। इसके बावजूद मुश्किल समय में दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़ी रहीं।

अमृता ने अपने संदेश में लिखा कि उन्होंने और मलाइका ने कई बार गंभीर नोकझोंक और आंसुओं से भरे पल देखे, लेकिन इन अनुभवों ने उनके रिश्ते को समय के साथ और गहरा किया। उन्होंने मलाइका को प्यार से 'मल्ला' कहकर संबोधित किया और मजाकिया लहजे में कहा कि उनके नाम का अर्थ भले ही 'एंजेल' यानी फरिश्ता हो, लेकिन उनकी असली शरारती छवि को वह अच्छी तरह जानती हैं।

अमृता ने यह भी लिखा कि उन्होंने अपनी बहन से जन्मदिन पर एक कविता लिखने का वादा किया था और आखिरकार उसे पूरा कर दिया। संदेश के अंत में उन्होंने मलाइका के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

मलाइका के जन्मदिन पर उनकी करीबी दोस्त और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने भी खास अंदाज में उन्हें बधाई दी। करीना ने सोशल मीडिया पर मलाइका के साथ अपनी एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की, जिसमें वह उनके गाल पर किस करती नजर आ रही हैं।

करीना ने तस्वीर के साथ लिखा, 'हैप्पी बर्थडे डार्लिंग मल्ला, हमेशा खूबसूरत और शानदार बनी रहो। तुम्हें ढेर सारा प्यार और एक बड़ी-सी झप्पी।' उन्होंने मलाइका को प्यार से 'मल्ला' कहकर संबोधित किया, जो उनके करीबी रिश्ते को दर्शाता है।

करीना ने अपनी एक अन्य सोशल मीडिया स्टोरी में मलाइका और अपने करीबी दोस्तों की एक मोनोक्रोम तस्वीर भी साझा की। इसके साथ उन्होंने 'मल्ला फॉरएवर फैब' लिखा।

मलाइका और अमृता के बीच बहनों वाला रिश्ता हो या करीना के साथ उनकी पुरानी दोस्ती, जन्मदिन के इन संदेशों में अपनापन और आपसी जुड़ाव साफ नजर आया। अमृता की भावुक लेकिन शरारत भरी शुभकामनाओं ने खास तौर पर यह दिखाया कि छोटी-मोटी लड़ाइयों के बावजूद समय के साथ पारिवारिक रिश्ते और मजबूत हो सकते हैं।