
Photo: IANS
मुंबई। अभिनेत्री खुशी कपूर गुरुवार को अपना 26वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर उनके करीबी दोस्त और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी ओरी (ओरहान अवत्रामणि) ने उन्हें बेहद खास अंदाज में बधाई दी। ओरी ने खुशी को अपनी 'सोल सिस्टर', प्रेरणा (म्यूज), सबसे बड़ी समर्थक और हौसला बढ़ाने वाली दोस्त बताया।
ओरी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुशी के लिए एक प्यारा सा संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "हैप्पी बर्थडे मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरी प्रेरणा, मेरी सोल सिस्टर, मेरी प्रिंसेस, मेरा एंजेल, मेरा चमकता सितारा, मेरी चीयरलीडर और मेरी सबसे बड़ी सपोर्टर।" इस पोस्ट पर खुशी ने भी प्यार जताते हुए कमेंट किया, "आई लव यू।"
ओरी की इस पोस्ट में दोनों के हैलोवीन सेलिब्रेशन की कुछ मजेदार तस्वीरें भी शामिल थीं। इनमें खुशी 'वंडर वुमन' के लुक में नजर आईं, जबकि ओरी ने बड़ी मधुमक्खी का कॉस्ट्यूम पहन रखा था।
खुशी और ओरी अक्सर सोशल मीडिया पोस्ट और पैपराजी की तस्वीरों में एक साथ दिखाई देते हैं। दोनों की नजदीकी किसी से छिपी नहीं है। ओरी के खुशी की बड़ी बहन और अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के साथ भी अच्छे संबंध हैं।
हाल ही में हैलोवीन के मौके पर जाह्नवी ने अपनी दिवंगत मां और दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी को खास अंदाज में याद किया। उन्होंने 1986 में रिलीज हुई फैंटेसी फिल्म 'नगीना' में श्रीदेवी के चर्चित लुक को दोबारा जीवंत किया। जाह्नवी श्रीदेवी के किरदार में नजर आईं, जबकि ओरी ने फिल्म में ऋषि कपूर द्वारा निभाए गए किरदार का रूप धारण किया।
इस खास तस्वीर को साझा करते हुए जाह्नवी ने लिखा कि वह भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार दृश्यों में से एक को दोबारा पेश करना चाहती थीं। उन्होंने बताया कि हैलोवीन अब केवल डरावने या मजेदार परिधानों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोग अपने पसंदीदा फिल्मी किरदारों और पॉप कल्चर के यादगार पलों को भी इसके जरिए दोहराते हैं। जाह्नवी ने इस मौके पर अपनी मां श्रीदेवी के साथ ऋषि कपूर और अमरीश पुरी को भी याद किया।
खुशी कपूर ने बहन की इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "तुमने हैलोवीन जीत लिया।"
श्रीदेवी और फिल्म निर्माता बोनी कपूर की छोटी बेटी खुशी कपूर ने वर्ष 2023 में जोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह 2025 में रिलीज हुई फिल्मों 'लवयापा' और 'नादानियां' में नजर आईं।