इस दिवाली सिद्धार्थ के साथ रहेंगी अदिति राव हैदरी, बोलीं- इस बार त्योहार पर पति का साथ मिलने से बेहद खुश हूंBy IANS Fri, 06 November 2026 04:35 PM

Photo: IANS

मुंबई। अभिनेत्री अदिति राव हैदरी इस बार दिवाली अपने पति और अभिनेता सिद्धार्थ के साथ मनाने को लेकर काफी उत्साहित हैं। अदिति ने बताया कि पिछले साल त्योहार के दौरान सिद्धार्थ अमेरिका में शूटिंग कर रहे थे, लेकिन इस बार दोनों साथ होंगे। यही वजह है कि उनके लिए इस साल की दिवाली खास होने वाली है।

अदिति इन दिनों अभिनेता पंकज त्रिपाठी के साथ अपनी आगामी फिल्म 'पारिवारिक मनुरंजन' के प्रचार में व्यस्त हैं। इसी दौरान उन्होंने आईएएनएस से विशेष बातचीत में दिवाली की योजनाओं के बारे में बताया।

अभिनेत्री ने कहा, "पिछले साल दिवाली के समय सिद्धार्थ अमेरिका में शूटिंग कर रहे थे, लेकिन इस साल वह यहीं हैं। इसलिए मैं बहुत खुश हूं। हम साथ रहेंगे और उम्मीद है कि फिल्म के प्रचार कार्यक्रम खत्म होने के बाद घर भी जा सकेंगे।"

अदिति और सिद्धार्थ इस सप्ताह की शुरुआत में मुंबई में आयोजित एक दिवाली समारोह में भी साथ नजर आए थे। दोनों ने कार्यक्रम में एक साथ पहुंचकर फोटोग्राफरों के सामने तस्वीरें खिंचवाईं।

दोनों की प्रेम कहानी साल 2021 में आई तेलुगु फिल्म 'महा समुद्रम' के सेट पर शुरू हुई थी। साथ काम करने के दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ीं और मार्च 2024 में दोनों ने सगाई कर ली। इसके बाद 16 सितंबर 2024 को तेलंगाना के वानापर्थी स्थित श्री रंगनायकस्वामी मंदिर में पारंपरिक और निजी समारोह में शादी के बंधन में बंध गए।

कामकाज की बात करें तो अदिति जल्द ही 'पारिवारिक मनुरंजन' में पंकज त्रिपाठी के साथ पहली बार स्क्रीन साझा करती दिखाई देंगी। वरुण वी. शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को एक पारिवारिक मनोरंजक फिल्म बताया जा रहा है, जिसमें रोमांस, हास्य और पारिवारिक ड्रामा का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म 13 नवंबर को रिलीज होगी।

अदिति इससे पहले पंकज त्रिपाठी के साथ काम करने के अनुभव को लेकर भी अपनी खुशी जाहिर कर चुकी हैं। उन्होंने अभिनेता की सहज हास्य शैली की तारीफ करते हुए कहा था कि उनके साथ स्क्रीन साझा करना बेहद सुखद अनुभव रहा।

अदिति के मुताबिक, पंकज त्रिपाठी का हास्य बिल्कुल स्वाभाविक और सहज है, जिससे हर दृश्य हल्का-फुल्का और मजेदार बन जाता है।