
Photo: IANS
मुंबई। अभिनेत्री इशिता दत्ता के लिए दिवाली सिर्फ रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बपरिवार, परंपराओं और आपसी प्रेम को करीब से महसूस करने का खास मौका भी है। समय के साथ त्योहार मनाने के तरीकों में बदलाव आया है, लेकिन इशिता का मानना है कि दिवाली का असली महत्व आज भी वही है। यही वजह है कि वह अपने बच्चों को भी परिवार की पुरानी परंपराओं और रीति-रिवाजों से जोड़ने की कोशिश कर रही हैं।
आईएएनएस के साथ विशेष बातचीत में अभिनेत्री ने अपने दिवाली सेलिब्रेशन, बचपन की यादों और बदलती पारिवारिक परंपराओं के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके घर में दिवाली का दिन बेहद सादगी से मनाया जाता है। परिवार के सभी सदस्य एक साथ मिलकर पूजा की तैयारियां करते हैं, मिठाइयां बनाते हैं और घर में मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं।
इशिता ने बताया, "हमारे घर में दिवाली बहुत साधारण तरीके से मनाई जाती है। सुबह उठकर पूरा परिवार एक साथ आता है। पूजा के लिए मिठाइयां बनाई जाती हैं और घर में छोटी-सी लक्ष्मी पूजा होती है। बाहर दीये जलाए जाते हैं। दीये जलाने की तैयारी तो कुछ दिन पहले से ही शुरू हो जाती है। शाम को कभी-कभी हम थोड़ी देर बाहर भी जाते हैं। इसके अलावा हर दिवाली पर होने वाली काली पूजा में भी शामिल होते हैं। इसी तरह हमारा दिन खत्म होता है।"
'दृश्यम' अभिनेत्री का मानना है कि त्योहारों की सबसे बड़ी खूबसूरती परिवार को एक साथ लाना है। उनके लिए दिवाली का मतलब महंगे तोहफे या भव्य आयोजन नहीं, बल्कि अपनों के साथ समय बिताना और यादगार पल बनाना है।
उन्होंने कहा, "मुझे परंपराएं बहुत पसंद हैं और मैं हमेशा उनका पालन करना पसंद करती हूं। अब मुझे अपने बच्चों को ये परंपराएं सिखाना भी अच्छा लगता है। उम्मीद है कि वे बड़े होकर भी इन्हें आगे बढ़ाएंगे। मुझे त्योहार इसलिए पसंद हैं, क्योंकि इनके बहाने पूरा परिवार एक साथ आता है। मेरे लिए सबसे खास बात परिवार के साथ रहना है।"
अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए इशिता ने बताया कि दिवाली पर घर में लड्डू बनाने की परंपरा आज भी जारी है। खासतौर पर नारियल के लड्डू उनके लिए बेहद खास हैं। इसके अलावा दिवाली के विशेष पकवान बनाना, घर में लक्ष्मी पूजा करना और रंगोली सजाना उनकी पुरानी यादों का अहम हिस्सा रहा है।
उन्होंने कहा, "मेरी दिवाली से जुड़ी बहुत सारी खूबसूरत यादें हैं। हर साल नारियल के लड्डू बनाना उनमें से एक है। हम आज भी यह परंपरा निभाते हैं। दिवाली पर खास पकवान बनाना, घर में लक्ष्मी पूजा करना और रंगोली बनाना भी मुझे बहुत पसंद था। मुझे रंगोली बनाने का हमेशा से शौक रहा है।"
इशिता ने अपने घर में रंगोली बनाने के एक खास पारंपरिक तरीके के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पहले उनके परिवार में भीगी हुई चावल को पीसकर उसका पेस्ट तैयार किया जाता था और फिर ब्रश की मदद से रंगोली बनाई जाती थी। पुराने समय में घरों के फर्श का रंग गहरा होता था, जिस पर सफेद रंग की रंगोली बेहद खूबसूरत दिखाई देती थी।
हालांकि, अब समय के साथ इस परंपरा में भी बदलाव आया है। अभिनेत्री ने बताया कि बच्चों को भी इस गतिविधि में शामिल करने के लिए अब फूलों से रंगोली बनाने का चलन बढ़ा है। उनके मुताबिक, परंपराओं में समय के साथ बदलाव होना स्वाभाविक है, लेकिन उनसे जुड़ी भावनाओं और यादों को बनाए रखना ज्यादा जरूरी है।
दिवाली से मिलने वाली सीख के बारे में बात करते हुए इशिता ने कहा कि यह त्योहार परिवार, संस्कृति, प्रेम और अच्छे संस्कारों का महत्व समझाता है। रोशनी का यह पर्व हमें याद दिलाता है कि अंत में हमेशा अच्छाई की बुराई पर जीत होती है।
उन्होंने कहा, "इस त्योहार से मैं अपने जीवन में जो सीख लेती हूं और अपने बच्चों को जो सिखाना चाहती हूं, वह यह है कि हमेशा ईमानदार रहें, दूसरों के साथ अच्छा व्यवहार करें और एक बेहतर इंसान बनें। आखिर में यही बातें सबसे ज्यादा मायने रखती हैं। लोग आपको आपके अच्छे व्यवहार और इंसानियत के लिए याद रखते हैं।"
इशिता की बातें यह भी दिखाती हैं कि त्योहारों की परंपराएं समय के साथ नए रूप ले सकती हैं, लेकिन उनका भावनात्मक महत्व कम नहीं होता। बच्चों को छोटी-छोटी घरेलू रस्मों में शामिल करना ही उन यादों और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का एक खूबसूरत तरीका है।