
Photo: IANS
मुंबई। अभिनेत्री मौनी रॉय का कहना है कि जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करने की ताकत उन्हें हमेशा आस्था और ईश्वर के प्रति समर्पण से मिली है।
हाल ही में फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में नजर आईं अभिनेत्री ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दीपावली समारोह की कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह पारंपरिक परिधान में नजर आ रही हैं। कहीं वह त्योहार की तैयारियों में व्यस्त हैं तो कहीं अपने करीबियों के साथ खुशनुमा पल बिताती दिखाई दे रही हैं।
तस्वीरों के साथ लिखे अपने लंबे संदेश में मौनी ने बताया कि श्रद्धा और समर्पण ने उन्हें जीवन के मुश्किल दौर में हमेशा संबल दिया है।
उन्होंने लिखा, "हर तूफान के बीच मैंने अपनी ताकत श्रद्धा और समर्पण में खोजी है। जहां भक्ति अपनी जड़ें जमा लेती है, वहां किस्मत को भी झुकना पड़ता है।"
अभिनेत्री ने प्रार्थना की शक्ति और ईश्वर की कृपा का जिक्र करते हुए आगे लिखा, "प्रार्थना की शांति में आत्मा को अपना रास्ता मिल जाता है और ईश्वर की कृपा अंधकार को प्रकाश में बदल देती है।"
उन्होंने यह भी बताया कि इन दिनों उन्हें बालों की छोटी चोटियां बनाने का खास शौक चढ़ा हुआ है।
मौनी इन दिनों त्योहारों के रंग में पूरी तरह रंगी नजर आ रही हैं। इससे पहले वह मुंबई के नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंची थीं, जहां उनकी मुलाकात फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के निर्देशक अयान मुखर्जी से हुई।
पीली साड़ी, सुनहरे आभूषण और खुले बालों में सजी मौनी ने अयान के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान अयान की चचेरी बहन और अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी भी उनके साथ नजर आईं। मौनी को पंडाल में श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक भोजन परोसते हुए भी देखा गया।
इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए अभिनेत्री ने मां दुर्गा के संदेश के रूप में लिखा, "डरो मत, मेरे बच्चे। मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं। अपने सभी दुख और भय मेरे चरणों में छोड़ दो। साहस को अपनी शक्ति, विश्वास को अपना प्रकाश बनने दो और तुम्हारा संसार प्रेम से भर जाए।"
उन्होंने आगे लिखा कि हमेशा याद रखना चाहिए कि हर व्यक्ति स्वयं भी दिव्य स्त्री शक्ति का एक स्वरूप है।
मौनी की इन पोस्ट में त्योहारों की खुशियों के साथ-साथ आस्था, आध्यात्मिकता और सकारात्मकता के प्रति उनका जुड़ाव भी झलकता है।