‘ईथा’ के गाने ‘जी जी रे जी’ में लावणी करने का अनुभव रोमांचक रहा: श्रद्धा कपूरBy IANS Tue, 17 November 2026 04:35 PM

Photo: IANS

मुंबई। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘ईथा’ के गाने ‘जी जी रे जी’ में पारंपरिक मराठी लोकनृत्य लावणी पेश करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने इस अनुभव को बेहद रोमांचक बताते हुए कहा कि इस नृत्य शैली की लय, भाव-भंगिमाओं और ऊर्जा ने उनके प्रदर्शन को खास बना दिया।

‘स्त्री 2’ फेम अभिनेत्री ने कहा कि इस गाने के जरिए उन्हें एक महान कलाकार की दुनिया में प्रवेश करने का मौका मिला। हालांकि, इस किरदार को पर्दे पर जीवंत करना उनके लिए जितना आनंददायक था, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी रहा।

श्रद्धा ने कहा, “ईथा के रूप में ‘जी जी रे जी’ पर प्रस्तुति देना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा। लावणी में एक खास आकर्षण है। इसकी लय, भाव-भंगिमाएं, ऊर्जा और दर्शकों से जुड़ने का अंदाज इसे बेहद खास बनाते हैं। इस गाने के जरिए एक महान कलाकार की दुनिया में कदम रखने को लेकर मैं उत्साहित भी थी और थोड़ी डरी हुई भी।”

उन्होंने आगे कहा कि इस गाने के पीछे एक महत्वपूर्ण कहानी है, जो उस महान कलाकार के जीवन में आए निर्णायक मोड़ को दर्शाती है। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इस गीत के माध्यम से कहानी को जीवंत बनाने के लिए टीम की मेहनत को महसूस कर सकेंगे।

फिल्म के संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने बताया कि ‘ईथा’ जैसी फिल्म में संगीत केवल पृष्ठभूमि तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि उसे किरदारों, माहौल और कहानी की भावनाओं का हिस्सा बनना जरूरी है। उनके मुताबिक, मंच पर दिखाई देने वाली ईथा के व्यक्तित्व के पीछे संघर्ष, असाधारण मजबूती, गरिमा और जीवटता की एक अलग दुनिया थी।

उन्होंने कहा कि ‘जी जी रे जी’ के जरिए लावणी की पारंपरिक पहचान को बरकरार रखते हुए ईथा की ताकत और व्यक्तित्व को प्रभावशाली अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है। गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य के शब्दों और गायिका श्रेया घोषाल की आवाज ने रचना को और खूबसूरत बनाया है।

अजय-अतुल ने श्रद्धा कपूर की मेहनत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री ने लावणी की बारीकियों और हर अदायगी को सही ढंग से पर्दे पर उतारने के लिए काफी मेहनत की है। उनके अनुसार, इस गाने को तैयार करना पूरी टीम का सामूहिक प्रयास रहा है।

वहीं, गाने की कोरियोग्राफी करने वाली वैभवी मर्चेंट ने बताया कि एक कलाकार अपने मंचीय प्रदर्शन के पीछे कई संघर्षों, भावनाओं और चुनौतियों से गुजरता है। लेकिन जैसे ही वह मंच पर कदम रखता है, दर्शकों से जुड़कर अपनी एक अलग दुनिया बना लेता है। यही भावना ‘जी जी रे जी’ की कोरियोग्राफी का आधार रही है।

वैभवी ने श्रद्धा के समर्पण और ऊर्जा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कोरियोग्राफी की हर बारीकी को समझते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करने के अनुभव को भी शानदार बताया और उनकी रचनात्मक सोच तथा कलाकारों से बेहतरीन काम निकलवाने की क्षमता की सराहना की।

‘जी जी रे जी’ फिल्म ‘ईथा’ का पहला गाना है, जिसके जरिए दर्शकों को फिल्म की संगीत और सांस्कृतिक दुनिया की पहली झलक मिली है। इस गीत को अजय-अतुल ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है। इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईथा’ के निर्माता दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा हैं। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।