
Photo: IANS
मुंबई। अभिनेत्री श्रुति हासन ने कॉस्मेटिक प्रक्रियाओं और शराब के साथ अपने निजी अनुभवों को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि कॉस्मेटिक बदलाव करवाने के फैसले के बारे में झूठ बोलने का उन्हें कोई कारण नजर नहीं आता। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह ऐसी प्रक्रियाओं को बढ़ावा नहीं देना चाहतीं।
श्रुति ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। बचपन से ही लोगों के बीच चर्चा में रहने वाली अभिनेत्री का मानना है कि जब कोई बदलाव साफ दिखाई देता है, तो उसे नकारना या छिपाना बेवकूफी है।
अभिनेता कमल हासन और सारिका ठाकुर की बेटी श्रुति ने कहा, "मैं इन मुद्दों पर बहुत सोच-समझकर बोलती हूं, लेकिन मैं लोगों के सामने बड़ी हुई हूं और इस बारे में झूठ बोलना बेवकूफी होगी। मैं किसी को गलत नहीं ठहरा रही हूं, लेकिन कुछ लोग कहते हैं कि वे ऐसे ही पैदा हुए थे। जबकि तीन सप्ताह पहले वे ऐसे नहीं दिखते थे। आखिर ऐसा क्यों?"
उन्होंने हंसते हुए अपनी बात रखी और कहा कि हर व्यक्ति को अपनी पसंद के अनुसार फैसले लेने का अधिकार है। हालांकि, उन्हें यह समझ नहीं आता कि ऐसे फैसलों को छिपाने या उनके बारे में झूठ बोलने की जरूरत क्यों पड़ती है।
श्रुति ने कहा, "हर किसी की अपनी मर्जी है। मुझे इसके बारे में झूठ बोलने का कोई मतलब नहीं दिखता। लेकिन मैं इसे बढ़ावा भी नहीं देना चाहती।"
बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने शराब के साथ अपने रिश्ते और उससे जुड़े निजी अनुभवों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि वह आठ साल तक पूरी तरह शराब से दूर रही थीं और इस दौरान उन्होंने एक बूंद भी शराब नहीं पी। हालांकि, बाद में उन्होंने फिर से शराब पीना शुरू कर दिया।
इस बारे में श्रुति ने कहा, "मैं हमेशा खुलकर कहती रही हूं कि शराब मेरे लिए अच्छी नहीं है। अब मैं इसे लेकर बेहद सतर्क रहती हूं। फिलहाल मैं इसे नियंत्रित करने की कोशिश की प्रक्रिया से गुजर रही हूं।"
काम की बात करें तो श्रुति जल्द ही पवन सदिनेनी के निर्देशन में बन रही साइंस-फिक्शन कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'आकासमलो ओका तारा' में नजर आएंगी। फिल्म में दुलकर सलमान और सात्विका वीरवल्ली मुख्य भूमिकाओं में हैं।