भूख लगने पर चिल्लाने लगती हैं शरवरी वाघ, माता-पिता ने खोले कई दिलचस्प राजBy IANS Tue, 24 November 2026 02:20 PM

Photo: IANS

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी वाघ की निजी जिंदगी का एक दिलचस्प पहलू हाल ही में सामने आया, जब उनके माता-पिता ने बताया कि समय पर खाना न मिलने पर उनका मिजाज पूरी तरह बदल जाता है और घर में खूब शोर-शराबा होने लगता है।

शरवरी ने माधुरी दीक्षित की मेजबानी वाले क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में शिरकत की। वह यहां अपनी आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के प्रमोशन के लिए पहुंची थीं। इस फिल्म में वह अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ नजर आएंगी।

शो के दौरान माधुरी ने शरवरी से पूछा कि क्या उन्हें जल्दी गुस्सा आता है और ऐसी कौन-सी बात है, जिससे उनका मूड खराब हो जाता है। इस पर अभिनेत्री ने बताया कि अगर उन्हें समय पर खाना नहीं मिलता, तो वह भूख और गुस्से दोनों का शिकार हो जाती हैं।

शरवरी ने कहा, "अगर मुझे समय पर खाना नहीं मिलता, तो मैं निश्चित रूप से हैंगरी हो जाती हूं।" अंग्रेजी के 'हंगर' (भूख) और 'एंग्री' (गुस्सा) शब्दों से बना 'हैंगरी' उस स्थिति को कहते हैं, जब भूख लगने के कारण व्यक्ति चिड़चिड़ा या गुस्सैल हो जाता है।

इस बातचीत के दौरान शरवरी के माता-पिता भी मौजूद थे। माधुरी ने उनसे पूछा कि भूख लगने पर शरवरी का व्यवहार कैसा हो जाता है। इस पर उनकी मां ने मजाकिया अंदाज में कहा, "घर में बहुत चिल्लाना होता है।"

जब माधुरी ने पूछा कि क्या शरवरी गुस्से में पूरे घर को सिर पर उठा लेती हैं, तो उनकी मां ने भी हामी भर दी।

इसके बाद शरवरी के पिता ने भी इस मजेदार बातचीत में हिस्सा लिया। उन्होंने घर में काम करने वाले बंसी को शरवरी के आवाज लगाने के अंदाज की नकल उतारी। उन्होंने बताया कि भूख लगने पर शरवरी किस तरह बंसी को खाना लाने के लिए पुकारती हैं।

पिता की इस नकल से शरवरी झेंप गईं और उन्हें रोकते हुए बोलीं, "डैड, डैड, प्लीज ऐसा मत कीजिए!" लेकिन उनके पिता नहीं रुके और शरवरी के अंदाज में बोले, "बंसी, खाना लाओ!"

यह सुनकर माधुरी दीक्षित अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। उन्होंने मजाक में कहा कि बंसी तो उनसे काफी डरता होगा।

शो में बातचीत के दौरान माधुरी ने शरवरी से उनकी खानपान की आदतों और डाइट के बारे में भी पूछा। अभिनेत्री ने बताया कि वह ज्यादातर समय अपनी डाइट का ध्यान रखती हैं, लेकिन कभी-कभी पसंदीदा खाने का आनंद लेने के लिए खुद को छूट भी देती हैं।

शरवरी ने कहा, "80 प्रतिशत समय मैं अपनी डाइट का पालन करती हूं और बाकी 20 प्रतिशत समय चीट मील के लिए रखती हूं। शूटिंग के दौरान मैं अपनी डाइट पर खास ध्यान देती हूं, लेकिन जब काम से ब्रेक मिलता है, तो सब कुछ खाती हूं।"

शो में हुई इस हल्की-फुल्की बातचीत ने शरवरी के प्रशंसकों को उनके पेशेवर व्यक्तित्व से इतर उनके घरेलू और मजाकिया अंदाज की झलक भी दिखाई।