स्कूल फेयरवेल में ‘पल’ गाने का बिगड़ा हुआ वर्जन गाने की यादें साझा कर भावुक हुईं शरवरी वाघBy IANS Thu, 19 November 2026 04:41 PM

Photo: IANS

मुंबई। अभिनेत्री शरवरी वाघ ने रियलिटी शो 'इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न' में अपनी स्कूल के दिनों की एक दिलचस्प याद साझा की। उन्होंने बताया कि इंडियन आइडल के पहले सीजन के तीनों फाइनलिस्ट अभिजीत सावंत, अमित सना और प्राजक्ता शुक्रे द्वारा गाया गया लोकप्रिय गाना 'पल' उनके स्कूल जीवन का भी हिस्सा बन गया था। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने स्कूल के फेयरवेल समारोह में दोस्तों के साथ इस गाने का एक बेहद खराब वर्जन गाया था।

शो में मौजूद शरवरी ने तीनों गायकों के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर करते हुए कहा कि वह उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक रही हैं। उन्हें आज भी याद है कि जब अभिजीत, अमित और प्राजक्ता ने 'पल' गाया था, तो यह गाना युवाओं के बीच कितना लोकप्रिय हो गया था।

अपनी पुरानी यादें ताजा करते हुए अभिनेत्री ने कहा, "मैं आपकी बहुत बड़ी फैन हूं। मुझे आज भी याद है कि जब आप तीनों ने 'पल' गाया था, तो हमने अपने स्कूल के फेयरवेल में उसका बहुत ही खराब वर्जन गाया था। हालांकि, उसका वीडियो मैं कभी सामने नहीं आने दूंगी। लेकिन आप सभी का शुक्रिया, आपने इतना शानदार और यादगार गाना दिया। मुझे लगता है कि हर किसी ने कभी न कभी यह गाना जरूर गाया होगा।"

गौरतलब है कि 'पल' इंडियन आइडल के पहले सीजन से जुड़े सबसे यादगार गीतों में शामिल है। वर्ष 2004-05 में प्रसारित हुए इस सीजन ने अभिजीत सावंत, अमित सना और प्राजक्ता शुक्रे जैसे गायकों को पहचान दिलाई थी। बाद में तीनों ने संगीत की दुनिया में अपनी अलग जगह बनाई।

एपिसोड में अभिनेता आयुष्मान खुराना, गायक अमित सना और शो के जज हिमेश रेशमिया के बीच भी खूब मनोरंजक बातचीत देखने को मिली। इस दौरान आयुष्मान ने अमित के स्टाइल कोच की भूमिका निभाते हुए उन्हें अपना आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज दिखाने के लिए प्रेरित किया।

आयुष्मान ने अमित से मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी आवाज में थोड़ा बेस लाना जरूरी है। इसके बाद दोनों ने मंच पर रैंप वॉक भी किया। बातचीत में हिमेश रेशमिया के शामिल होने के बाद माहौल और दिलचस्प हो गया।

आयुष्मान ने हिमेश के गायकों से अक्सर पूछे जाने वाले सवाल का जिक्र करते हुए कहा, "हिमेश सर, आप हमेशा पूछते हैं न कि नॉर्मल गाऊं या नाक से गाऊं?" इस पर हिमेश ने तुरंत जवाब दिया, "नाक से।"

इसके बाद आयुष्मान ने हिमेश से ही पूछ लिया कि आज वह उनसे सामान्य अंदाज में बजाने के लिए कहेंगे या खतरनाक अंदाज में। हिमेश ने बिना देर किए जवाब दिया, "खतरनाक से।"

इस पर आयुष्मान ने अमित को अपनी लाइनें पूरे आत्मविश्वास और दमदार अंदाज में दोहराने के लिए कहा। अमित ने भी उनके निर्देशों का पालन करते हुए शानदार अंदाज में अपनी प्रस्तुति दी। उनके इस बदले हुए अंदाज ने मंच पर मौजूद मेहमानों और दर्शकों को खूब हंसाया। अमित के अचानक बदले तेवर देखकर हिमेश भी हैरान रह गए और मजाकिया अंदाज में पूछा, "क्या हो गया तुम्हें?"

वर्कफ्रंट की बात करें तो शरवरी वाघ और आयुष्मान खुराना जल्द ही अपनी आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आने वाले हैं।