सोशल मीडिया पर दिखावे और परफेक्शन की होड़ से परेशान करिश्मा तन्ना, बोलीं- कब इतना मुश्किल हो गया जिंदगी के पल साझा करना?By IANS Thu, 26 November 2026 03:20 PM

Photo: IANS

मुंबई। अभिनेत्री करिश्मा तन्ना सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपनी निजी जिंदगी से लेकर पेशेवर गतिविधियों तक की झलक प्रशंसकों के साथ साझा करती हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ट्रेंडिंग वीडियो पोस्ट करने के साथ ही एक ऐसा सवाल उठाया है, जो आज के डिजिटल दौर में कई लोगों को सोचने पर मजबूर कर सकता है।

करिश्मा ने सोशल मीडिया पर एक ट्रेंड को फॉलो करते हुए अपना वीडियो साझा किया और सवाल किया कि आखिर सोशल मीडिया इतना जटिल क्यों हो गया है?

'स्कूप' और 'संजू' जैसी फिल्मों एवं वेब प्रोजेक्ट्स से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया का वह पुराना दौर याद आता है, जब लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे अपनी जिंदगी के छोटे-छोटे पल तस्वीरों के जरिए साझा कर दिया करते थे। उस समय तस्वीर के एंगल, रोशनी और पोस्ट करने के सही समय को लेकर इतनी माथापच्ची नहीं करनी पड़ती थी।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "सही तस्वीर और उसे पोस्ट करने का सही समय। मुझे सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया तभी मिलती है, जब तस्वीर की रोशनी सही हो, कार्यक्रम से पहले की तस्वीरें हों और यहां तक कि सामान्य दिखने वाली तस्वीरें भी पहले से तय हों। आखिर अपनी जिंदगी के कुछ पल साझा करना इतना काम कब बन गया?"

करिश्मा ने आगे लिखा कि उन्हें वे पुराने दिन याद आते हैं, जब वह कभी डिनर की धुंधली तस्वीर या अपने पालतू कोको की कोई सामान्य-सी फोटो सिर्फ इसलिए पोस्ट कर देती थीं, क्योंकि उसे देखकर उन्हें खुशी मिलती थी। वह सब सहज, वास्तविक और उनके व्यक्तित्व के करीब था।

अभिनेत्री ने कहा कि इस बार उन्होंने यह पोस्ट सिर्फ इसलिए साझा की है, क्योंकि उनका मन हुआ। उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि सोशल मीडिया पर ज्यादा प्रतिक्रिया मिलने का सही समय कौन-सा है।

करिश्मा अक्सर अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी की झलकियां साझा कर प्रशंसकों से जुड़ी रहती हैं। मंगलवार को भी उन्होंने अपने बेटे के साथ बिताए कुछ खास पलों की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थीं। तस्वीरों में वह अपने नन्हे बेटे के साथ समय बिताती नजर आईं। उन्होंने इस पोस्ट को 'लाइफ लेटली' (जिंदगी के हालिया पल) कैप्शन दिया था।

करिश्मा ने फरवरी 2022 में बिजनेसमैन वरुण बंगेरा के साथ एक निजी समारोह में शादी की थी। इस जोड़े ने 29 जुलाई 2026 को अपने पहले बच्चे के रूप में बेटे वेद का स्वागत किया।

बेटे के जन्म की जानकारी देते हुए दोनों ने सोशल मीडिया पर एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की थी, जिसमें नवजात के पैर दिखाई दे रहे थे। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा था, "वह आ गया है। यह बेटा है! करिश्मा और वरुण के लिए हमारा सबसे बड़ा आशीर्वाद। 29 जुलाई 2026।"