टुंडी में हाथियों का उत्पात, मकान क्षतिग्रस्त और अनाज नष्टBy Admin Fri, 19 December 2025 02:21 PM

धनबाद: धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड के विभिन्न इलाकों में गुरुवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब जंगली हाथियों के एक झुंड ने भारी उत्पात मचाया। पांच हाथियों का यह झुंड, जिसमें एक शावक भी शामिल था, गिरिडीह जिले के पीरटांड़ क्षेत्र से पश्चिमी टुंडी में प्रवेश कर दंडाटांड़ होते हुए दालुगोड़ा गांव पहुंचा।

गांव में घुसते ही हाथियों ने रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दालुगोड़ा निवासी रामलाल मुर्मू का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर में रखा धान हाथियों ने खा लिया और शेष अनाज इधर-उधर बिखेर दिया।

हाथियों ने दीवार तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया। उस समय रामलाल मुर्मू की पत्नी चांदोली मुर्मू और उनकी तीन बेटियां—संजोती कुमारी, सेवंती कुमारी और समिता कुमारी—घर के अंदर सो रही थीं। सौभाग्य से सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहीं। घटना के समय रामलाल मुर्मू काम के सिलसिले में घर से बाहर थे।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से खदेड़कर चाइना पहाड़ी क्षेत्र की ओर भेजने में सफल रहे, जिससे ग्रामीणों को अस्थायी राहत मिली।

शुक्रवार सुबह भाजपा टुंडी मंडल अध्यक्ष गोविंद टुडू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की। साथ ही, तत्काल राहत के तौर पर खाद्यान्न और गर्म कपड़े उपलब्ध कराने की भी मांग की।

क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही और नुकसान की घटनाओं के कारण अब भी भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान लागू करने की मांग की है।