
देवघर: उत्तर भारत के कई हिस्सों में चल रही ठंडी हवाओं का असर अब झारखंड में भी दिखाई देने लगा है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का प्रभाव शहरी इलाकों की तुलना में अधिक महसूस किया जा रहा है।
बाबा नगरी देवघर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में बनी हुई है। सुबह करीब छह बजे पालोजोरी, सारठ और मधुपुर सहित कई प्रखंडों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई।
ठंड और कम दृश्यता के बावजूद छोटे स्कूली बच्चे पैदल स्कूल जाते और सड़कों किनारे बसों का इंतजार करते नजर आए। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा।
ठंड से बचाव के लिए लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए। अहले सुबह कई लोग चाय दुकानों के पास अस्थायी आग के सहारे हाथ सेंकते नजर आए। देवघर के ग्रामीण इलाकों में कोहरे का प्रभाव सबसे अधिक रहा, जहां कई स्थानों पर दृश्यता पांच मीटर से भी कम हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।