
Ranchi Air Ambulance Crash: झारखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस चतरा जिले के सिमरिया इलाके में क्रैश हो गई। विमान में कुल सात लोग सवार थे और इस हादसे में सभी की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
यह एयर एम्बुलेंस रांची एयरपोर्ट से सोमवार शाम 7 बजकर 11 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। कोलकाता एटीसी से संपर्क स्थापित होने के बाद शाम 7 बजकर 34 मिनट पर विमान का रडार और संचार संपर्क अचानक टूट गया। इसके बाद प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
रांची एयरपोर्ट निदेशक ने पुष्टि की है कि एयर एम्बुलेंस चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास घने जंगलों में क्रैश हुई। घटनास्थल तक पहुंचना काफी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि इलाका पूरी तरह जंगलों से घिरा हुआ है।
चतरा के एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक यह एक मेडिकल फ्लाइट थी, जो एक गंभीर मरीज को इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। विमान में कुल सात लोग सवार थे — एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो परिजन, एक मुख्य पायलट और एक को-पायलट।
रेड बर्ड एविएशन कंपनी की इस एयर एम्बुलेंस में पायलट विवेक विकास भगत, को-पायलट सबराजदीप सिंह, मरीज संजय कुमार, परिजन अर्चना देवी और धूरू कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और नर्स सचिन कुमार मिश्रा सवार थे। इस दुखद हादसे में सभी सातों लोगों की मौत हो गई है।
हादसे की जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो यानी AAIB की टीम रवाना की जा रही है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। तकनीकी खराबी या अन्य वजहों की जांच की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर एयर सेफ्टी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।