जिला समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का डीसी ने किया औचक निरीक्षण, समयबद्ध कार्य निष्पादन के दिए निर्देशBy Admin Mon, 20 April 2026 06:36 PM

रामगढ़: सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज द्वारा जिला समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, उपस्थिति, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई एवं आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।

इस क्रम में उपायुक्त ने गोपनीय कार्यालय, नजारत, एनआईसी, विधि शाखा, स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, कोषागार कार्यालय, जन शिकायत कोषांग, अपर समाहर्ता कार्यालय, जिला भू अर्जन कार्यालय, आपूर्ति कार्यालय, अवर निबंधन कार्यालय, जिला कल्याण कार्यालय, जिला पंचायती राज कार्यालय एवं जिला समाज कल्याण कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी कार्यालयों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन करते हुए समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यालयों में फाइलों का उचित रख-रखाव एवं अद्यतन अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जानकारी आमजन अथवा वरीय अधिकारियों को समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

जन शिकायत कोषांग के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की तथा निर्देश दिया कि आमजनों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साथ ही उपायुक्त ने कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने, अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचाव एवं सुगम कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आमजनों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कहा। इस दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता नजारत उप समाहर्ता श्री संजीत कुमार, संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।