अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता: देवघर के खिलाड़ी करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्वBy Admin Mon, 20 April 2026 07:19 PM

देवघर: जिला कुश्ती संघ के लिए गर्व और खुशी की बात है कि अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में जिले के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी न केवल देवघर बल्कि पूरे झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 से 30 अप्रैल तक छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे।
इस प्रतियोगिता में विद्या कुमारी 65 किलोग्राम भार वर्ग में तथा मनीष कुमार झा 110 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। दोनों खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी अपनी मेहनत और लगन के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
दोनों खिलाड़ी सचिव सह बाबू वेदानंद सिंह अखाड़ा में प्रशिक्षक संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षक ने बताया कि खिलाड़ियों की तैयारी पूरी तरह संतोषजनक है और वे प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
संघ के पदाधिकारियों—उमाशंकर सिंह, संजय वर्मा, अमित कुमार, दीपनारायण, आशीष पांडे, विद्या सिंह, अभिजीत सिंह, राजीव सिंह, दशरथ महथा, कौशल सिंह, विक्की रमानी एवं घनश्याम राणा—ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम ऊंचा करेंगे।