
गिरिडीह: झारखंड मे इन दिनों कोयला तस्करों का मनोबल बढ़ा हुआ है। ताजा मामला गिरीडीह का है जहां कोयला तस्कर बाइक के साथ खदान के अंदर घुसकर कोयला चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसको लेकर गिरीडीह मे कोयला तस्करों के खिलाफ सीसीएल प्रबंधन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया है. गुरुवार की सुबह चलाये गए अभियान के दौरान कोयला तस्करी में इस्तेमाल की गई 16 बाइकें जब्त की गई है. यह कार्रवाई सीसीएल के कबरीबाद माइंस के अंदर हुई है.
बताया जाता है कि हर रात को सीसीएल माइंस के अंदर बाइक के साथ कोयला तस्कर घुस जाते हैं. न सिर्फ माइंस से कोयला की चोरी करते हैं बल्कि उत्पादन भी ठप कर दिया जाता है. ऐसी ही हरकत गुरुवार की सुबह लगभग 3 बजे की गई. दर्जनों बाइक के साथ तस्कर माइंस में दाखिल हो गए. इसकी सूचना सीसीएल सुरक्षा विभाग ने जीएम गिरीश कुमार राठौर के साथ परियोजना पदाधिकारियों गोपाल सिंह मीणा को दी. सूचना पर पीओ ने तुरंत ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो को दी. इसके बाद पुलिस और सीसीएल की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा. इस छापेमारी में 16 बाइक जब्त की गई. हालांकि तस्कर भागने में सफल रहे. अब इन बाइक के सहारे तस्करों की पहचान में पुलिस और प्रबंधन जुटी है.
सीसीएल गिरिडीह के परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा ने कहा कि बाइक के साथ कोयला चोर माइंस के अंदर दाखिल होने की सूचना पर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया. 16 बाइक को जब्त किया गया है. सभी को चिन्हित करते हुए कार्रवाई होगी. पीओ ने कहा कि कोयला चोर के माइंस में दाखिल होने से सुरक्षा के साथ-साथ प्रोडक्शन भी प्रभावित होता है.