
RANCHI: रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में शुक्रवार को हुए सुरक्षा गार्ड की हत्या और दान पेटी चोरी मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेन कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 3 लाख रुपये नकद, दान पेटियों में लगे लोहे के छड़ और वारदात से जुड़े अन्य सामान भी बरामद किए हैं। इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने मंदिर परिसर की रेकी की थी। तीनों आरोपी उसी इलाके के रहने वाले हैं और मौके की पूरी जानकारी पहले से जुटा चुके थे। एसएसपी ने बताया कि 24 अप्रैल की रात आरोपियों ने मंदिर में घुसकर पहले सुरक्षा गार्ड पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने दान पेटी को तोड़कर उसमें रखे पैसे लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
इधर मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। लगातार छापेमारी और पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।