
जमशेदपुर: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आज रेल यात्रियों का गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिला। रेल यात्री संघर्ष समिति के बैनर तले एक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें लोगों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराज़गी जाहिर की। यात्रियों का आरोप है कि महज 4 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेनों को 3 से 4 घंटे तक का समय लग रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और लगातार हो रही लेटलतीफी से परेशान यात्रियों ने आज टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर अपनी आवाज बुलंद की। रेल यात्री संघर्ष समिति का कहना है कि पिछले कई दिनों से स्टेशन के आसपास ट्रेनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। हालात ऐसे हैं कि सिर्फ 4 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेनों को घंटों लग जा रहे हैं। यात्रियों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता सिर्फ ट्रेनों को किसी तरह आगे बढ़ाना रह गया है, जबकि यात्रियों की सुविधा और समय की कोई परवाह नहीं की जा रही। इस देरी का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है, जिन्हें गर्मी में घंटों ट्रेन में फंसे रहना पड़ रहा है। हस्ताक्षर अभियान के जरिए समिति और स्थानीय लोगों ने रेलवे के उच्च अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की है। उनका साफ कहना है कि रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द ट्रेनों के संचालन को व्यवस्थित करे, ताकि यात्रियों को इस तरह की परेशानियों से राहत मिल सके।