धनबाद कोयलांचल में 'लाल डायरी' का क्या है रहस्यBy Admin Sun, 26 April 2026 11:04 AM

सुनील सिंह/ रांची: धनबाद कोयलांचल में इनदिनों लाल डायरी की चर्चा है. इस 'लाल डायरी' ने कई लोगों की नींद उड़ा दी है. लाल डायरी`की जद में कोयलांचल के करीब एक दर्जन रसूख वाले नेता और मीडिया कर्मी है. यदि `लाल डायरी का रहस्य खुला और कार्रवाई हुई तो कितने चेहरे बेनकाब होंगे और कई लोगों को जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है.
    अब सब कुछ राज्य सरकार में उच्च पदों पर बैठे नेताओं और अधिकारियों  पर निर्भर करता है कि वह क्या चाहते हैं. कार्रवाई या मामले को रफादफा करना है. मामला हाई प्रोफाइल है, इसलिए फैसला उच्च स्तर पर लिया जाना है.
 दरअसल पिछले हफ्ते माफिया डॉन प्रिंस खान का खास सहयोगी सैफ अब्बास नकवी, उर्फ सैफ, उर्फ मेजर को को झारखंड पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के समय मेजर के पास से एक लाल डायरी मिली है. इस डायरी में बहुत कुछ रहस्य छुपा हुआ है. डायरी में करीब एक दर्जन बड़े नेताओं और मीडिया के लोगों का नाम है जिनके साथ लेनदेन हुई है. कब-कब किसको कितनी राशि दी गई इसकी चर्चा की बात सामने आई है. मोबाइल से  कुछ नेताओं के साथ बातचीत का व्हाट्सएप चैट भी मेजर के मोबाइल से मिला है. धनबाद इलाके के कुछ जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत होने की भी जानकारी है. हालांकि पुलिस अभी कुछ भी बोलने से बच रही है और वह डायरी व व्हाट्सएप चैट की जांच कर रही है.
 सूत्रों के अनुसार राज्य स्तर के बड़े अधिकारियों को लाल डायरी के संबंध में जानकारी दी गई है और उनसे दिशा निर्देश मांगा गया है. मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण दिशा निर्देश के बाद ही इस मामले में कार्रवाई आगे बढ़ेगी. यदि कार्रवाई हुई तो हड़कंप मच जाएगा. प्रिंस खान और उसके सहयोगियों से संबंध को लेकर कई चेहरे बेनकाब होंगे.
 गिरफ्तारी के बाद से सैफ अभी बंगाल में न्यायिक हिरासत में है. झारखंड पुलिस ने कोर्ट से रिमांड मांगा है लेकिन अभी रिमांड मिला नहीं है. बंगाल में चुनाव संपन्न होने होने के बाद रिमांड मिलने की संभावना है. पूछताछ के बाद कई खुलासे होंगे.
 बहरहाल धनबाद की राजनीति में लाल डायरी का रहस्य छाया हुआ है. रहस्य पर्दा उठेगा तो मचेगा बवाल. अब निगाहें धनबाद पुलिस पर.