खूंटी मे मजदूरों की हिम्मत के आगे अपराधी पस्त, बाइक छोड़ भागे अपराधी By Admin Mon, 18 May 2026 12:38 PM

KHUNTI : खूंटी जिले मे रविवार की रात को लूट के इरादे से आये आपराधियों को ही जान बचाकर भागने को मजबूर होना पड़ा। मजदूरों की हिम्मत के आगे अपराधियों के नापाक इरादे पस्त हो गए। दरअसल खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र स्थित सोंदारी पाकर टोली में निर्माणाधीन पुल साइट पर रविवार रात फायरिंग और लूट की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बन रहे पुल निर्माण स्थल पर अपाचे बाइक से पहुंचे तीन अज्ञात अपराधियों ने मजदूरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने मजदूरों के करीब एक दर्जन मोबाइल फोन लूट लिए और दहशत फैलाने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि अपराधियों के हमले के बावजूद मजदूरों ने साहस का परिचय दिया। सभी मजदूर एकजुट होकर लाठी-डंडा लेकर अपराधियों के पीछे दौड़ पड़े। मजदूरों के विरोध से घबराए बदमाश अपनी अपाचे बाइक मौके पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि करते हुए अशोक सिंह ने बताया कि पुलिस को देर रात फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस घटनास्थल से अपराधियों द्वारा छोड़ी गई अपाचे बाइक बरामद कर चुकी है और आरोपियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने इस मामले में पीएलएफआई कनेक्शन से भी इनकार नहीं किया है। 
चार करोड़ की लागत से बन रहा पुल
बता दें कि सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बन रहा यह पुल करीब चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। पुलिस बरामद बाइक के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।