
पिठोरिया (रांची): फर्स्ट ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि ने पिठोरिया सहित पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता में आफताब अंसारी ने रजत पदक पर कब्जा जमाया, जबकि फिजा परवीन, पूर्णिमा उरांव और सिवनी कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खास बात यह रही कि सभी पदक विजेता खिलाड़ी पिठोरिया थाना क्षेत्र से जुड़े हैं।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर पिठोरिया थाना परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
सम्मानित खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, अभिभावकों और सहयोगियों को दिया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला तथा उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया।