
झारखंड के खूंटी जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तोरपा थाना क्षेत्र के कोटेगसेरा मौसीबाड़ी के पास 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से सात स्कूली छात्र झुलस गए।
हादसा उस समय हुआ, जब लंच अवकाश के दौरान छात्र एक रथ को घुमा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रथ का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें करंट फैल गया और वहां मौजूद छात्र इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य पांच छात्रों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर इलाज के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।