
गुमला, 20 जुलाई। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुमला श्री अजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुमला द्वारा उच्च विद्यालय, मुरकुंडा में विधिक साक्षरता वर्ग एवं चित्रकला तथा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में डीएलएसए, गुमला के सचिव श्री राम कुमार लाल गुप्ता ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, बाल अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, बाल विवाह, बाल श्रम, लैंगिक समानता तथा शिक्षा के अधिकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।इस अवसर पर मुख्य लीगल एड डिफेंस काउंसिल (Chief LADC) श्री डी. एन. ओहदार, स्थायी लोक अदालत के सदस्य श्री शंभू सिंह तथा सहायक एलएडीसी श्री जितेंद्र सिंह ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं समाज में विधिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया तथा उनके प्रश्नों का उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विधिक जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के उत्साह की सभी अतिथियों ने सराहना की। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम संजना कुमारी, द्वितीय उत्तम कुमार,तृतीय रिशु कुमारी तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम अभिषेक सिंह, द्वितीय लीला कुमारी, तृतीय स्थान मिनिकेत साहू ने प्राप्त किया ।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण पीएलवी राजेश सिंह, प्रेम कुमार शाह डीएलएसए के कर्मचारी प्रकाश कुमार पांडे ,एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं कानून के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में अत्यंत उपयोगी बताया।