विधायक ममता देवी के प्रयास से रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में बनेंगे मल्टी स्पोर्ट कोर्टBy Admin Mon, 20 July 2026 05:35 PM

रामगढ़। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्थानीय विधायक ममता देवी के प्रयास से विभिन्न विद्यालयों में मल्टी स्पोर्ट कोर्ट निर्माण की निविदा जारी कर दी गई है।
जिन विद्यालयों में मल्टी स्पोर्ट कोर्ट का निर्माण किया जाएगा, उनमें कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, रामगढ़, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, डिमरा (गोला), कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, गोला, एस.एस. उच्च विद्यालय, गोला, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चटाक (दुलमी), झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, दुलमी तथा राजबल्लभ उच्च विद्यालय, सांडी (चितरपुर) शामिल हैं।
मल्टी स्पोर्ट कोर्ट के निर्माण से विद्यालयों में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, मिनी टेनिस सहित अन्य खेलों के अभ्यास की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिसर में ही नियमित खेल प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्राप्त होगा। इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दे रही है। विद्यालयों में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा विकसित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि रामगढ़ विधानसभा के बच्चे शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और राज्य तथा देश का नाम रोशन करें। विधायक ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के विद्यालयों में खेल अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।
इस संबंध में जानकारी दुलमी प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह कांग्रेस जिला प्रवक्ता एवं मीडिया चेयरमैन सुधीर मंगलेश ने दी।