
पतरातू(रामगढ़)।स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद लगातार आ रहे अत्यधिक बिजली बिलों से नाराज महुवा टोला, पंचायत लबगा (पतरातू) के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को भुरकुंडा स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के बाद विभाग के एसडीओ रोहितास कुमार को ज्ञापन सौंपकर गलत बिजली बिलों को अविलंब संशोधित करने और तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद सामान्य बिजली खपत होने के बावजूद हजारों रुपये के बिल भेजे जा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को पहले शून्य (जीरो) बिल मिला, जबकि अगले ही महीने 10 हजार से 40 हजार रुपये तक के बिजली बिल थमा दिए गए। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि गलत बिजली बिलों के कारण उपभोक्ता मानसिक रूप से परेशान हैं और उनके दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से सभी विवादित बिलों की जांच कर तत्काल संशोधित करने तथा स्मार्ट मीटर की तकनीकी गड़बड़ियों को दूर करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो माह के भीतर बिजली बिलों में सुधार नहीं किया गया और स्मार्ट मीटर की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण सामूहिक रूप से स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने को मजबूर होंगे। साथ ही बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि राज्य सरकार 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की बात करती है, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को कई गुना अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। प्रदर्शन में राकेश महतो, जुगेश पटेल, आशिक अंसारी, जाहिर अंसारी, मेराज अंसारी, तबरेंज अंसारी, अरुण वैद्य, विकास पटेल, दिनेश महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।