
चैनपुर थाना क्षेत्र के लालगंज में पुल निर्माण के समीप बने डायवर्शन के पास पुलिस और वन विभाग की टीम ने क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे दस गोवंशीय पशुओं से लदे एक पिकअप जे एच जीरो वन जी के सिक्स टू थ्री फ़ॉर को जब्त किया है। जानकारी देते हुए सोमवार शाम चार बजे बतया गया कि वन विभाग की टीम जब क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी लालगंज पुल निर्माण डायवर्शन के पास एक संदिग्ध पिकअप वैन को रुकवाया गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर बेहद क्रूरतापूर्ण तरीके से दस गोवंशीय पशुओं को ठूंस-ठूंस कर भरा पाया गया था। तंग जगह और दम घुटने के कारण गाड़ी में ही दो मवेशियों की तड़पकर मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से चोटिल हो गए।वन विभाग द्वारा गाड़ी रोके जाने के बाद चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार को तुरंत मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद कुमार, एसआई विजय उरांव और पुलिस के जवान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस को आता देख अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर पिकअप चालक भागने में सफल रहा, जिसकी पहचान पुसो थाना क्षेत्र के लोहजरा निवासी नौसाद आलम के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने घेराबंदी कर एक अन्य आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम गुलजार अंसारी पिता स्वर्गीय अनवर अंसारी है, जो पुसो थाना क्षेत्र के लोहजरा का ही रहने वाला है।घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में जीवित बचे पशुओं को इलाज के बाद जिम्मा नामा लिखकर सुरक्षित सौंप दिया। वहीं, मृत पाए गए दोनों गोवंशीय पशुओं को गड्ढा खुदवाकर पूरे सम्मान के साथ दफन कराया गया। चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि चैनपुर पुलिस ने पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी गुलजार अंसारी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चालक नौसाद आलम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मवेशी तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
