आन्दोलरत छात्रों और सरकार से वार्ता से पहले सीआईडी की JSSC कार्यालय में छापेमारी, CGL विवाद से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है टीमBy Admin Mon, 17 August 2026 01:54 PM

Ranchi : नियुक्ति घोटाले में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) कार्यालय में CID की छापेमारी चल रही है. CID ने यह कार्रवाई नियुक्ति घोटाले में अब तक की जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर की है. जानकारी के अनुसार सचिव सुधीर गुप्ता समेत सदस्यों से पूछताछ चल रही है. JPSC में नियुक्ति घोटाले में गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा कर्मचारी चयन आयोग में भी नियुक्तियों के दौरान पैसों के लेनदेन की बात स्वीकार किया था. इसके अलावा परीक्षा में हुई गड़बड़ी से संबंधित दूसरे मुद्दों की भी जानकारी दी थी. गिरफ्तार अभियुक्तों ने कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न पदों के लिए हुई नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी की बात स्वीकार की थी.

JSSC-CGL परीक्षा को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोमवार को नामकुम स्थित झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) कार्यालय में CID की टीम पहुंची. जांच टीम ने आयोग के दस्तावेज खंगाले और सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की. कार्रवाई ऐसे वक्त हुई है, जब JPSC-JSSC मामले को लेकर छात्र 24 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और आज ही सरकार के साथ उनकी अहम वार्ता भी होनी है. छात्रों की मुख्य मांग JSSC परीक्षा रद्द करने और JPSC पेपर लीक मामले की CBI जांच की है.

ऐसे में JSSC कार्यालय में CID की कार्रवाई ने पूरे मामले को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है. जांच एजेंसी की कार्रवाई का फोकस परीक्षा प्रक्रिया और उससे जुड़े रिकॉर्ड पर बताया जा रहा है. वहीं, आंदोलनकारी छात्रों की नजर आज होने वाली वार्ता पर है. अगर बातचीत में कोई ठोस रास्ता नहीं निकलता है, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान पहले से किया जा चुका है. JSSC-CGL विवाद की जांच के सिलसिले में CID की टीम सोमवार को आयोग के नामकुम कार्यालय पहुंची. टीम ने कार्यालय में उपलब्ध दस्तावेजों और परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू की. रिपोर्ट के मुताबिक, JSSC सचिव सुधीर गुप्ता से भी पूछताछ की गई है. यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब परीक्षा को लेकर छात्रों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं. जांच एजेंसी की मौजूदगी से आयोग के स्तर पर भी हलचल बढ़ी है.

हालांकि, जांच के इस चरण में टीम ने किन दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया या पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. JSSC कार्यालय में CID की कार्रवाई से पहले सचिव सुधीर गुप्ता के आवास पर भी छापेमारी की जानकारी सामने आई थी. अब आयोग के कार्यालय में पहुंचकर दस्तावेजों की जांच किए जाने से जांच का दायरा और महत्वपूर्ण हो गया है. छात्र लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए. जांच एजेंसी की मौजूदा कार्रवाई के बाद छात्रों की नजर इस बात पर है कि जांच आगे किस दिशा में बढ़ती है और इससे परीक्षा की वैधता को लेकर उठ रहे सवालों पर क्या असर पड़ता है.