JPSC/JSCC PROTEST : राहुल गांधी के पत्र के बाद सीएम हेमंत ने मंत्रियों की बुलाई आपात बैठकBy Admin Mon, 17 August 2026 03:43 PM

RANCHI : JPSC/JSCC में अनियमितता के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्रियों की आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में छात्रों की मांगों पर विचार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पहले यह बैठक दोपहर 12.30 बजे बुलाई गई थी, अब यह बैठक शाम 4.30 बजे होगी। इस बैठक में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और संजय प्रसाद यादव शामिल नहीं हो सकेंगे। 

गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्रों की मांगों पर न सिर्फ सहानुभूतिपूर्वक विचार करने को कहा था बल्कि यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री खुद जाकर छात्रों से मिलकर आंदोलन को समाप्त कराएं। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री अगर खुद छात्रों के प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी बात सुनेंगे, तो इससे उनकी बची हुई चिंताओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। राहुल गांधी ने राज्य के छात्र-युवाओं की समस्याओं और उनके आंदोलन को संवेदनशीलता के साथ जल्द से जल्द समाप्त कराने की अपील भी की है।

राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि भारत के संविधान में निहित शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार लोकतंत्र के मूल स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों को कांग्रेस ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय शिक्षा व्यवस्था पर आरएसएस और भाजपा का कब्जा हो गया है और इसे छात्रों के शोषण एवं दमन के साधन में बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह अब वह मजबूत ज्ञान-व्यवस्था नहीं रही, जो एक दशक पहले हुआ करती थी। राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड के छात्र भी राज्य की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को शांतिपूर्ण बताते हुए उनकी मांगों को जायज बताया और इसकी सराहना की कि झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री द्वारा गठित समिति के माध्यम से छात्रों के साथ संवाद शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से उठाई गई कई मांगों पर सहमति भी बनी है, लेकिन इसके बावजूद आंदोलन अभी जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा कि वह स्वयं आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों की बची हुई चिंताओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। राहुल गांधी ने कहा कि भारत का युवा ही देश का भविष्य है और इस संकट की घड़ी में सभी को उनके साथ एकजुटता और समर्थन के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सुनने और इस मुद्दे के समाधान के लिए उचित कार्रवाई करने की पूरी कोशिश करने का आग्रह किया।