कलाकारों ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि, अचानक निधन पर जताया गहरा दुखBy Mid Time Bureau Tue, 08 September 2026 07:17 PM

रांची: झारखंड कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ कला जगत में भी शोक की लहर है। मंगलवार को झारखंड क्षेत्रीय कलाकार सोसाइटी के कलाकारों ने राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर एकत्रित होकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कलाकारों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कलाकार मंच की सदस्य चांदनी बारीक ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक निधन कलाकारों के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मंत्री को हमेशा स्वस्थ और सक्रिय देखा था। ऐसे में अचानक उनके निधन की खबर पर विश्वास करना कलाकारों के लिए बेहद मुश्किल रहा।

वहीं कलाकार वर्षा ऋतु ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू हमेशा कलाकारों को मंच देने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहते थे। उनके निधन से कलाकारों के बीच एक बड़ी कमी महसूस होगी। सिंगर नितेश कच्छप ने कहा कि आने वाले समय में जो भी  उनकी जिम्मेदारी संभालेंगे, वे निश्चित रूप से अपना काम करेंगे, लेकिन सुदिव्य कुमार सोनू की कार्यशैली अलग थी। उन्होंने छोटे से छोटे कलाकार को मंच और आगे बढ़ने का अवसर दिया। नितेश ने कहा कि जब पहली बार उनके निधन की खबर मिली तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ और लगा कि यह फेक न्यूज है। बाद में जब अलग-अलग माध्यमों से निधन की पुष्टि हुई तो कलाकार समुदाय के लिए इसे स्वीकार करना बेहद कठिन था।