
Giridih: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की धनबाद टीम ने बुधवार को गिरिडीह में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने साइबर थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई। जानकारी के मुताबिक, जीवलाल मंडल ने ACB को शिकायत दी थी कि साइबर थाना में दर्ज कांड संख्या 24/26 से संबंधित केस डायरी अदालत में भेजने के बदले सब-इंस्पेक्टर द्वारा 30 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने पूरे मामले की जानकारी ACB को दी।
शिकायत मिलने के बाद ACB अधिकारियों ने आरोपों की पहले गुप्त तरीके से जांच और सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की योजना तैयार की गई। इसके लिए विशेष टीम गठित कर सब-इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ने का जाल बिछाया गया।
30 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
बुधवार को शिकायतकर्ता ने तय योजना के तहत सब-इंस्पेक्टर को 30 हजार रुपये दिए। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए पुनीत कुमार गौतम को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ ले गई। उससे पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई है।