
मंगलवार को हजारीबाग पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने छात्र आंदोलन के समर्थन में भाजपा के धरना-प्रदर्शन में शिरकत की। छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के जरिए छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की गई और डीसी-एसपी को ज्ञापन सौंपा गया।
इसके बाद रघुवर दास ने जेपीएससी रिफॉर्म मंच के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों की जानकारी दी, जिसके बाद रघुवर दास ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने परीक्षा में कथित अनियमितता और प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग करते हुए अभय तिवारी को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। साथ ही राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
छात्रों से बातचीत के दौरान रघुवर दास ने कहा कि जिनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं, वे बेल लेने की जल्दबाजी न करें। उन्होंने छात्रों से यह भी कहा कि यदि पुलिस की ओर से किसी तरह की परेशानी दी जाती है, तो उन्हें इसकी सूचना दें।
वहीं, भाजपा के 8 से 11 सितंबर तक चलने वाले आंदोलन के तहत राज्य के 24 जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन और डीसी-एसपी कार्यालयों के घेराव का कार्यक्रम है। रघुवर दास 10 सितंबर को धनबाद और 11 सितंबर को लोहरदगा में भी इस आंदोलन में शामिल होंगे।