वडोदरा में युवाओं के बीच पहुंचे पीएम मोदी, ‘धुरंधर’ के गाने पर खास अंदाज में ली एंट्रीBy Mid Time Bureau Tue, 08 September 2026 07:40 PM

वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के बीच पहुंचकर करीब 25 मिनट तक संवाद किया। कार्यक्रम में करीब 6 हजार युवाओं को शामिल किया गया था। प्रधानमंत्री की एंट्री भी खास अंदाज में हुई। उनके लिए तैयार किए गए वाई आकार के रैंप से होते हुए पीएम मोदी युवाओं के बीच पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही पहले मशहूर गाना ‘वी विल रॉक यू’ बजा और इसके बाद फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना भी सुनाई दिया।

युवाओं से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें झूठे दावों और भ्रामक बातों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुमराह करने के लिए झूठ का सहारा लिया जा सकता है, लेकिन उन्हें सच्चाई के साथ खड़े रहना चाहिए। पीएम मोदी की इस टिप्पणी को कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर परोक्ष निशाने के तौर पर भी देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री का यह संवाद ऐसे समय हुआ है, जब राजनीतिक दलों का ध्यान युवा मतदाताओं पर लगातार बढ़ रहा है। अगले साल सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और इन राज्यों में करीब 22 प्रतिशत मतदाता जेन-जी वर्ग से जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में इनकी संख्या सबसे ज्यादा बताई जा रही है, जहां करीब 2.8 करोड़ जेन-जी मतदाता हैं।

यानी आने वाले चुनावों में युवा मतदाता कई सीटों के चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकते हैं। यही वजह है कि राजनीतिक दल इस वर्ग के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और युवाओं से सीधे संवाद करने पर जोर दे रहे हैं। वडोदरा में पीएम मोदी का हजारों युवाओं के बीच पहुंचना इसी बदलते राजनीतिक फोकस की एक अहम तस्वीर है।