
रातू के दलादिली इलाके में स्थित क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के फार्म हाउस में मंगलवार को एक सांप दिखाई देने के बाद कर्मचारियों में हलचल मच गई। इसकी जानकारी मिलते ही स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान सांप के शरीर पर मामूली चोट लगी, जिसके बाद विशेषज्ञ ने प्राथमिक देखभाल की। इसके बाद उसे किसी सुरक्षित प्राकृतिक स्थान पर छोड़ दिया गया।
सांप के फार्म हाउस में मिलने की खबर के बाद वहां कर्मचारियों के अलावा आसपास के लोग भी जमा हो गए। हालांकि, घटना के वक्त धोनी के परिवार का कोई सदस्य फार्म हाउस में मौजूद नहीं था। स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक ने लोगों से अपील की कि अगर घर या किसी परिसर में सांप नजर आए तो घबराकर उसे मारने की कोशिश न करें। इसकी जगह तुरंत किसी प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके और उसकी जान बचाई जा सके।