झारखंड के VIPs की सुरक्षा होगी और मजबूत, दिल्ली दौरे के लिए बदलेगा सुरक्षा का पूरा प्लानBy Mid Time Bureau Mon, 28 September 2026 11:21 AM

Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्रियों और पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत संवैधानिक पदों पर बैठे प्रमुख लोगों की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी चल रही है। खासतौर पर राज्य से बाहर और दिल्ली दौरे के दौरान सुरक्षा को लेकर नया प्रोटोकॉल तैयार किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक के बाद इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है।


नए प्रस्ताव में मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर सुरक्षा घेरा पहले से ज्यादा मजबूत करने की बात कही गई है। दिल्ली में मुख्यमंत्री के काफिले में तीन से अधिक वाहन रखने का प्रावधान होगा। जरूरत पड़ने पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमांडो भी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही दिल्ली में झारखंड भवन पर तैनात स्पेशल ब्रांच के जवानों को भी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगाया जाएगा।


राज्यपाल के दिल्ली दौरे के लिए भी अलग सुरक्षा व्यवस्था प्रस्तावित है। उनके मुख्य वाहन के साथ एक अतिरिक्त वाहन रहेगा, जबकि दिल्ली पुलिस के दो स्पेशल कमांडो सुरक्षा में तैनात किए जा सकते हैं। झारखंड भवन में तैनात स्पेशल ब्रांच के 45 जवानों में से 8 जवान राज्यपाल के दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा में लगाए जाएंगे।


पूर्व मुख्यमंत्रियों के लिए भी दिल्ली में सुरक्षा का अलग प्रबंध किया जाएगा। दिल्ली पहुंचने पर झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच के जवान उनके साथ रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को पहले से Z Plus सुरक्षा प्राप्त है, इसलिए दिल्ली दौरे के दौरान भी उनकी सुरक्षा उसी श्रेणी के अनुरूप रखी जाएगी।

वहीं, झारखंड के मंत्रियों के दिल्ली दौरे पर भी सुरक्षा कर्मियों के साथ वाहन की व्यवस्था रहेगी। जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त वाहन और सुरक्षा बल बढ़ाने का विकल्प भी प्रस्ताव में रखा गया है।
दरअसल, किसी राज्य के VIP के दूसरे राज्यों में हवाई यात्रा के दौरान अपने राज्य के पुलिसकर्मियों को बड़ी संख्या में साथ ले जाने की सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़ी सीमाएं होती हैं। इसी वजह से दिल्ली स्थित झारखंड भवन में पहले से स्पेशल ब्रांच के करीब 45 जवान तैनात हैं। झारखंड से कोई VIP दिल्ली पहुंचता है तो इन्हीं जवानों में से सुरक्षा ड्यूटी तय की जाती है। अतिरिक्त जरूरत होने पर दिल्ली पुलिस से भी सुरक्षा मांगी जाती है।


पुलिस मुख्यालय की हालिया बैठक में इसी व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में राज्य से बाहर जाने वाले VIPs के साथ कितने वाहन और कितने सुरक्षाकर्मी रहें, इस पर चर्चा हुई। प्रस्ताव में दो से अधिक वाहनों की व्यवस्था और दिल्ली दौरे के दौरान जरूरत के मुताबिक दिल्ली पुलिस की स्पेशल फोर्स की अतिरिक्त तैनाती का विकल्प भी शामिल किया गया है।