
राँची। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए राँची जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा KG से 12वीं तक की पढ़ाई 28 और 29 अक्टूबर 2026 को स्थगित करने का निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, राँची के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राँची को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्देश जारी किया है। इसके अनुसार जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक विद्यालयों सहित) तथा निजी विद्यालयों में निर्धारित दोनों तिथियों को पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा।
हालाँकि, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएँ निर्धारित हैं, उनके प्रबंधन को अपने स्तर पर निर्णय लेने की छूट दी गई है। ऐसे विद्यालयों को अपने निर्णय की सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी अथवा जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को अनिवार्य रूप से देनी होगी।
शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश
प्रशासन के निर्देशानुसार, सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को 28 और 29 अक्टूबर को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। वहीं, जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने, आवश्यक सावधानी बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।