
दीपावली और महापर्व छठ को देखते हुए रांची में खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को विभाग की टीम ने बिरसा चौक और धुर्वा के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ठेला-खोमचा, रेस्टोरेंट, होटल और खुदरा खाद्य दुकानों की जांच की गई। अभियान के तहत कुल 10 दुकानों का निरीक्षण हुआ, जिनमें से दो दुकानों से करीब 50 किलोग्राम अमानक पनीर बरामद किया गया। टीम ने पनीर को जब्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई की।
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों और उनके कर्मचारियों से व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करने, साफ कपड़े पहनने और भोजन तैयार करने व परोसने के दौरान दस्ताने तथा हेड गियर का इस्तेमाल करने को कहा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों के निर्माण, धुलाई और अन्य कार्यों में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल का उपयोग सुनिश्चित करने की हिदायत दी। साथ ही खाद्य सामग्री को धूल, मक्खियों, कीट-पतंगों और दूसरे बाहरी दूषित कारकों से बचाकर रखने को कहा गया। अधिकारियों ने खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में बर्तनों और उपकरणों की सफाई, कचरा प्रबंधन और कीट नियंत्रण की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया। कारोबारियों को कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने और खाद्य सामग्री को उचित तापमान पर सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया।
त्योहारी मौसम में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच विभाग का यह अभियान मिलावट पर रोक लगाने और लोगों तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।