
रांची: राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले एक बार फिर चर्चा में हैं। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे प्रेम नगर इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला कारोबारी के घर पर अपराधियों ने आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने कोयला कारोबारी के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके पर एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए। इस पर्चे में राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
बताया जा रहा है कि कारोबारी को इससे पहले भी धमकी दी गई थी। इसके बावजूद अपराधियों ने अब उनके घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ छोड़े गए पर्चे की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग में कौन-कौन शामिल था और इसके पीछे की वजह क्या है।
राजधानी में लगातार मिल रही धमकियों और फायरिंग की घटनाओं ने एक बार फिर कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब पहुंचती है।