अनुष्का चक्रवर्ती मौत मामले में हाईकोर्ट सख्त, पति की गिरफ्तारी के बाद SIT जांच पर नजरBy Mid Time Bureau Wed, 04 November 2026 12:07 PM

Ranchi: हजारीबाग में अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत का मामला अब झारखंड हाईकोर्ट की निगरानी में है। मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने राज्य सरकार से जांच की प्रगति का पूरा ब्योरा मांगा है। खास बात यह है कि जांच में तेजी लाने के लिए सरकार ने आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम यानी SIT गठित करने की जानकारी अदालत को दी है।

जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि SIT का नेतृत्व हजारीबाग सदर के SDPO को सौंपा गया है। सरकार की ओर से यह भी बताया गया कि मृतका के पति को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे पूछताछ भी हुई है। फिलहाल SIT पूरे मामले की जांच कर रही है।

सरकार का पक्ष सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक अनुसंधान की प्रगति से जुड़ी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख तय की है।

दरअसल, अनुष्का चक्रवर्ती की मौत के मामले में उनके भाई देवजीत चक्रवर्ती ने हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। इससे पहले की सुनवाई में अदालत ने राज्य सरकार को DSP स्तर के अधिकारी को जांच सौंपने और अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया था। अब अदालत ने SIT के गठन और पति की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद जांच की प्रगति पर रिपोर्ट तलब की है।

प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता विकास कुमार ने अदालत में पक्ष रखा।