48वें जन्मदिन से पहले गुल पनाग ने शुरू की फिटनेस की नई तैयारी, अब ट्रेनर की निगरानी में करेंगी वर्कआउटBy IANS Wed, 04 November 2026 03:17 PM

Photo: IANS

मुंबई। अभिनेत्री गुल पनाग अपनी फिटनेस को लेकर हमेशा से सजग रही हैं। तीन दशक से अधिक समय तक खुद के दम पर वर्कआउट और फिटनेस रूटीन को संभालने वाली गुल अब अपनी इस यात्रा को एक नया आयाम देने जा रही हैं। अपने 48वें जन्मदिन के करीब पहुंच रहीं अभिनेत्री ने अब विशेषज्ञ की देखरेख में ट्रेनिंग लेने का फैसला किया है। उनका मकसद केवल फिट रहना नहीं, बल्कि अपनी शारीरिक क्षमता की पूरी संभावनाओं को तलाशना है।

गुल पनाग ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्षों तक अपनी ट्रेनिंग खुद ही मैनेज की है। इस दौरान वह फिट, मजबूत और अनुशासित बनी रहीं, लेकिन उनके मन में हमेशा यह सवाल रहा कि क्या उन्होंने अपने शरीर की वास्तविक क्षमता का पूरा इस्तेमाल किया है।

अभिनेत्री का मानना है कि फिट रहना और अपनी शारीरिक क्षमता के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। उनके मुताबिक, एक समय ऐसा भी आता है जब हर चीज खुद करने की आदत आगे बढ़ने में बाधा बन सकती है। ऐसे में सही मार्गदर्शन और विशेषज्ञ की सलाह जरूरी हो जाती है।

गुल ने अपनी फिटनेस यात्रा में मदद करने वाले विशेषज्ञों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2007 में पोषण विशेषज्ञ पूजा मखीजा ने उन्हें खानपान और पोषण को बेहतर ढंग से समझने में मदद की थी। इसके बाद तीस की उम्र में शरीर में होने वाले बदलावों के दौरान भी उन्हें उनसे मार्गदर्शन मिला। वहीं, चालीस के दशक के मध्य में उनकी दोस्त और फिटनेस विशेषज्ञ दीपा वासवानी ने उनकी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग की दिनचर्या को नए सिरे से तैयार करने में मदद की। हाल के दिनों में पोषण विशेषज्ञ शाल्वी शर्मा से भी उन्हें सलाह मिलती रही है।

हालांकि, गुल ने स्वीकार किया कि उन्होंने अब तक किसी एक विशेषज्ञ को अपनी पूरी फिटनेस प्रक्रिया की जिम्मेदारी नहीं सौंपी थी। ट्रेनिंग, डाइट, रिकवरी, स्ट्रेचिंग और व्यायाम में लगातार प्रगति के साथ नियमित निगरानी और जवाबदेही की कमी उन्हें महसूस होती रही।

इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अब ट्रेनर शूरू_100 के साथ काम करने का फैसला किया है। इस नई व्यवस्था में उन्हें नियमित मार्गदर्शन, ट्रेनिंग और पोषण की व्यवस्थित योजना के साथ समय-समय पर अपनी प्रगति का हिसाब भी देना होगा। अभिनेत्री के मुताबिक, अब दिन में दो बार उनकी फिटनेस गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

गुल ने साफ किया कि यह किसी बड़े शारीरिक बदलाव या अचानक ट्रांसफॉर्मेशन की कोशिश नहीं है। वह अपनी अब तक की मेहनत को कमतर नहीं आंकतीं, बल्कि यह जानना चाहती हैं कि सही विशेषज्ञ मार्गदर्शन से वह अपनी फिटनेस को किस स्तर तक ले जा सकती हैं।

उन्होंने अपनी इस नई पहल को 'मिडलाइफ मसल्स का एक छोटा प्रयोग' बताया है। तीन दशक तक जिम में अपनी मर्जी से ट्रेनिंग करने के बाद अब किसी दूसरे के निर्देशों पर अभ्यास करने का उनका यह अनुभव कितना दिलचस्प होगा, इस पर भी उनकी नजर है।

गुल पनाग की यह पहल इस बात की ओर भी इशारा करती है कि उम्र बढ़ने के साथ फिटनेस का मतलब केवल वजन नियंत्रित रखना नहीं, बल्कि मांसपेशियों की ताकत, पोषण और शरीर की रिकवरी पर भी ध्यान देना है।