
रांची: राजधानी रांची में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान में की गई।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पोखरटोली मैदान में दो युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट के सामने पोखरटोली मैदान स्थित इमली पेड़ के पास छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। मामले में कुल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण गोप उर्फ करण कुमार, आदित्य कुमार और अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुल्तान के रूप में हुई है। तीनों रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, करण गोप के खिलाफ डोरंडा थाना में वर्ष 2025 में एक आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं, अभिषेक सिंह उर्फ सुल्तान का भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गोंदा, जगन्नाथपुर और अन्य थानों में मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 50/26, दिनांक 4 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया नोरज कुमार सहित डोरंडा, धुर्वा, जगन्नाथपुर और एयरपोर्ट थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।