क्षत्रिय गौरव एकता मंच की बैठक में संगठन विस्तार पर अहम फैसले, बालिका छात्रावास बनाने की पहलBy Mid Time Bureau Thu, 05 November 2026 10:04 PM

रांची: क्षत्रिय गौरव एकता मंच झारखंड की पहली कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को रांची के हरमू में आयोजित की गई। केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य के सभी 24 जिलों से संगठन के पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्य शामिल हुए।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने और समाज के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन के विस्तार, आर्थिक संसाधनों, बालिका शिक्षा और पारिवारिक परिचय सम्मेलन जैसे विषय प्रमुख रहे।

बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण सिंह की ओर से संगठन की मजबूती और भविष्य की गतिविधियों को लेकर कई प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

लिए गए फैसलों के अनुसार, अब कार्यसमिति की बैठक प्रत्येक तीन महीने में अलग-अलग जिलों में आयोजित की जाएगी। अगली बैठक देवघर में होगी। संगठन के लिए सदस्यता शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, हर साल एक बार पारिवारिक परिचय मिलन सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

समाज के शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी जिलों में लाइब्रेरी खोलने की योजना बनाई गई है। इन पुस्तकालयों में क्षत्रिय समाज के इतिहास और गौरव से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रांची में बालिका छात्रावास स्थापित करने की दिशा में पहल की जाएगी।

संगठनात्मक विस्तार के तहत सभी जिलों में युवा और महिला मोर्चा का गठन किया जाएगा। जिन जिलों में अभी तक कमेटियों का गठन पूरा नहीं हुआ है, वहां एक महीने के भीतर कमेटी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके साथ ही समाज के छात्र-छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में देश की प्रतिष्ठित हस्तियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित करने की योजना है। युवाओं की खेलकूद में भागीदारी बढ़ाने और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने पर भी सहमति बनी।

बैठक में केंद्रीय प्रधान महासचिव रमेश सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि नीतू सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस अवसर पर अजय सिंह, सिद्धार्थ गौतम, रमेश सिंह, सर्वेश सिंह, सुधीर सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूजा सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिषेक सिंह, कोषाध्यक्ष अभिषेक सिंह, परिंदा सिंह, अनीता देवी, शैलेंद्र सिंह, मनोज सिंह, रणजीत सिंह, प्रणव सिंह, मंजू सिंह, राजू सिंह, सुरेश सिंह, रुद्र प्रताप सिंह और रामप्रवेश सिंह समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।