
रांची: समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची के रोटरैक्ट क्लब द्वारा कम्युनिटी सर्विस एवेन्यू के अंतर्गत 3 एवं 4 नवंबर 2026 को ‘कल्याण 5.0’ नामक दो दिवसीय फंडरेजिंग अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक कल्याण गतिविधियों के लिए धनराशि एकत्रित करना था।
इस अभियान को तीन चरणों में आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से क्लब के सदस्यों ने अलग-अलग स्तरों पर लोगों से संपर्क कर सहयोग जुटाने का प्रयास किया। अभियान के पहले ही दिन सदस्यों के सामूहिक प्रयासों और उत्साहपूर्ण सहभागिता से ₹50,000 से अधिक की धनराशि एकत्रित की गई।
क्लब की अध्यक्ष शिवांगी झा एवं सचिव गुरज्योत सिंह के मार्गदर्शन में इस अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया गया। क्लब के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं सेवा भावना का परिचय दिया।
अभियान के माध्यम से एकत्रित धनराशि का उपयोग क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक कल्याण परियोजनाओं में किया जाएगा।
‘कल्याण 5.0’ ने यह संदेश दिया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बड़े संसाधनों से अधिक सामूहिक प्रयास, सहयोग और संवेदनशीलता की आवश्यकता होती है। छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर एक बड़े बदलाव की नींव रख सकती हैं।