
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को रांची की महापौर रोशनी खलखो ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, जलस्तर, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
महापौर ने तेतर टोली तालाब, दिव्यायन तालाब, भरम टोली छठ तालाब, जोड़ा तालाब, बड़गाई छठ तालाब, यूनिवर्सिटी कॉलोनी स्थित शनि मंदिर और पीएचईडी छठ घाट का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने घाटों पर सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम की सभी टीमें पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करें।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 4 के पार्षद अमित मुंडा, वार्ड संख्या 5 के पार्षद अवधेश बैठक, वार्ड संख्या 9 की पार्षद प्रीति रंजन सहित नगर निगम के अधिकारी और विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।