राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने रांची में पूर्व में कराए गए विकास कार्यों का किया निरीक्षणBy Mid Time Bureau Tue, 24 November 2026 07:17 PM

रांची। राज्यसभा सांसद श्री परिमल नथवानी ने अपने पूर्व के दो कार्यकाल के दौरान झारखंड में अपने प्रयासों से कराए गए विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए रांची के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रातू रोड स्थित निगम अस्पताल, करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास तथा बड़ाम स्थित आदर्श ग्राम का निरीक्षण किया।

दौरे की शुरुआत में श्री नथवानी ने रातू रोड स्थित निगम अस्पताल का निरीक्षण किया। इस अस्पताल भवन का निर्माण उनके प्रयासों से कराया गया था। उन्होंने अस्पताल के संचालकों से मुलाकात कर इसके संचालन, रखरखाव, चिकित्सा सुविधाओं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से यह जाना कि गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को यहां किस प्रकार की उपचार सुविधाएं मिल रही हैं। अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद उन्होंने अपनी टीम को कमियों को दूर कर अस्पताल को शीघ्र सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में निर्मित पुस्तकालय भवन का निरीक्षण किया। वहां विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा पुस्तकालय और छात्रावास की व्यवस्था में सुधार के लिए अपनी टीम को आवश्यक निर्देश दिए।

श्री नथवानी इसके बाद बड़ाम स्थित आदर्श ग्राम पहुंचे, जिसे उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान गोद लिया था। लगभग छह वर्षों के अंतराल के बाद अपने सांसद को गांव में देखकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह और भावुकता का माहौल था। महिलाओं, बच्चों एवं अन्य ग्रामीणों ने पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

इस दौरान सांसद ने गांव में अपने प्रयासों से कराए गए विकास कार्यों एवं निर्मित भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। साथ ही स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं लीगल एड क्लिनिक का भी जायजा लिया। स्वास्थ्य उपकेंद्र में कार्यरत नर्सों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं एवं उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। लीगल एड क्लिनिक में कानूनी सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने उनकी समस्याएं एवं क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताएं सुनीं। साथ ही पूर्व में शुरू की गई विकास योजनाओं के रखरखाव और उन्हें बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की।