
रांची: रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंदियों के साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार का मामला अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। जेल के भीतर कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाले एक बंदी को अब जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को जेल के अंदर से फोन कर चुप रहने की चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं, शिकायत आगे बढ़ाने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी दावा किया गया है।
पीड़ित के पिता के मुताबिक, इस मामले में 12 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके अगले दिन यानी 13 नवंबर को उनके बेटे के पास एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अरविंद बताया। पिता के अनुसार, फोन पर आरोपी ने बेटे को जेल के अंदर हुई बातचीत याद दिलाते हुए चुप रहने को कहा।
आरोप है कि फोन करने वाले ने चेतावनी दी कि अगर उसने जेल के अंदर हुई घटनाओं के बारे में किसी को कुछ बताया, तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित के पिता का दावा है कि यह फोन जेल के भीतर से किया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धमकी देने वाला व्यक्ति उन्हीं लोगों में शामिल है, जिन पर उनके बेटे ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस मामले में पीड़ित ने एक और गंभीर दावा किया है। उसका कहना है कि जेल के अंदर वह अकेला बंदी नहीं है, जिसके साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार हुआ है। पीड़ित के मुताबिक, जेल में कई अन्य कैदी भी इस तरह की घटनाओं का शिकार हैं और उनके साथ अब भी कथित तौर पर ऐसी हरकतें की जा रही हैं।
इस दावे के सामने आने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल, पीड़ित और उसके पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि तथा जेल प्रशासन या पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।