
रांची: JTET-2026 परीक्षा में हुई तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। OMR शीट पर प्रश्न पुस्तिका (बुकलेट) सीरीज अंकित नहीं होने और एडमिट कार्ड में Teacher Type की गलत प्रविष्टि सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में दर्जनों अभ्यर्थियों ने बुधवार को डुमरी विधायक एवं JLKM अध्यक्ष टाइगर जयराम कुमार महतो से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से हस्तक्षेप कराने की मांग की।
अभ्यर्थियों ने विधायक को बताया कि करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित JTET-2026 परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों से परेशान हैं। OMR शीट में प्रश्न पुस्तिका की बुकलेट सीरीज अंकित नहीं होने से मूल्यांकन और परिणाम को लेकर असमंजस की स्थिति है। वहीं, कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में Language Teacher के स्थान पर Social Studies अंकित कर दिया गया है। इससे भविष्य में नियुक्ति और दस्तावेज सत्यापन के दौरान परेशानी होने की आशंका है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि परीक्षा संचालन में हुई त्रुटियों का खामियाजा अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना पड़े। OMR बुकलेट सीरीज की समस्या का न्यायसंगत समाधान किया जाए और एडमिट कार्ड में Teacher Type की गलत प्रविष्टि को आधिकारिक रूप से सुधारा जाए। साथ ही JAC प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि किसी का भविष्य प्रभावित न हो।
विधायक टाइगर जयराम कुमार महतो ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अगले दिन प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे और हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। विधायक के आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
प्रतिनिधिमंडल में संतोष कुमार महतो, सुमिता मुर्मू, शुभम कुमार, कमलेश चौधरी, शगुफ्ता असमीन, अगस्टिन हेंब्रम, विकास कुमार, सोनी कुमारी, अनुप्रिया, हेलन डांग, अरुणोदय पाठक, रितेश कुमार महतो, रुख्सार परवीन, राहुल कुमार सहित दर्जनों अभ्यर्थी शामिल थे।