
मुंबई। अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने बताया है कि वह नया साल बेहद सादगी और शांति के साथ मनाने की योजना बना रही हैं। शहर की भागदौड़ और शोर-शराबे से दूर रहकर वह इस बार परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताना चाहती हैं।
अपने नए साल के प्लान के बारे में बात करते हुए चित्रांगदा ने आईएएनएस से कहा कि वह काम से पूरी तरह ब्रेक लेकर परिवार के साथ समय बिताने पर ध्यान देंगी।
उन्होंने कहा, “नए साल के प्लान बहुत ही, बहुत ही सिंपल हैं। बस कुछ समय के लिए काम से छुट्टी लेकर परिवार के साथ रहना है और एक-दूसरे के साथ पूरा एक हफ्ता बिताना है।”
अभिनेत्री ने आगे बताया कि इस दौरान किसी तरह के भव्य जश्न की कोई योजना नहीं है, बल्कि पूरी तरह से डिस्कनेक्ट होकर साथ रहने का इरादा है।
चित्रांगदा ने कहा, “हम शायद शहर से बाहर किसी फार्म पर होंगे। तो बस सामान्य चीजें—फार्म का काम, फार्म लाइफ। यही सब होगा।”
काम की बात करें तो चित्रांगदा सिंह को हाल ही में क्राइम थ्रिलर फिल्म “रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स” में देखा गया था। यह फिल्म हनी त्रेहन द्वारा निर्देशित है और इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी और राधिका आप्टे भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह 2020 में आई फिल्म “रात अकेली है” का सीक्वल है।
सीक्वल की कहानी पहले मामले के कई साल बाद की है, जिसमें इंस्पेक्टर जटिल यादव पहले से अधिक अनुभवी लेकिन अब भी नैतिक मूल्यों पर अडिग नजर आते हैं। जब प्रभावशाली बंसल परिवार के सदस्य एक नई संदिग्ध मौत से जुड़े पाए जाते हैं, तो जटिल को एक बार फिर जांच के लिए बुलाया जाता है।
जो मामला शुरुआत में सीधा-सादा लगता है, वह जल्द ही उलझता चला जाता है। बंसल परिवार पहले से ज्यादा अमीर, ताकतवर और अपने राज छिपाने में कहीं ज्यादा माहिर हो चुका है। परिवार का हर सदस्य सच्चाई का एक सधा हुआ चेहरा पेश करता है, जबकि भीतर ही भीतर अपने हितों की रक्षा करता रहता है।
आने वाले समय में चित्रांगदा सिंह सुपरस्टार सलमान खान के साथ फिल्म “बैटल ऑफ गलवान” में नजर आएंगी। यह फिल्म 15 जून 2020 को लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और उसके विस्तारवादी पड़ोसी चीन के बीच हुए संघर्ष पर आधारित है, जो भारत में कोविड-19 महामारी की पहली लहर के दौरान हुआ था।
With inputs from IANS