खुशी कपूर ने अपनाया ‘हेल्थ, वेलनेस और पैडल एरा’By Admin Tue, 20 January 2026 06:34 AM

मुंबई- अभिनेत्री खुशी कपूर इन दिनों फिटनेस और सेल्फ-केयर को अपनी प्राथमिकता बना रही हैं। वह जिस दौर को अपना “हेल्थ, वेलनेस और पैडल एरा” कह रही हैं, उसमें उनकी सक्रिय और स्वास्थ्य-केंद्रित जीवनशैली साफ नजर आ रही है।

खुशी ने इंस्टाग्राम पर अपने मौजूदा रूटीन की झलक साझा की, जिसमें उनकी फिटनेस जर्नी और एक्टिव लाइफस्टाइल पर खास फोकस देखने को मिला। उन्होंने अपनी पैडल पार्टनर अंजिनी धवन के साथ कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए।

एक वीडियो में जाह्नवी कपूर की छोटी बहन को क्रायोथेरेपी कराते हुए देखा जा सकता है, जबकि दूसरे क्लिप में वह भारी वजन के साथ हिप थ्रस्ट एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं।

दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी और निर्माता बोनी कपूर की बेटी खुशी ने कैप्शन में लिखा, “इन माय हेल्थ, वेलनेस एंड पैडल एरा।”

खुशी कपूर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी (NYFA) में छात्र शॉर्ट फिल्म स्पीक अप से की, जिसमें उन्होंने नैना का किरदार निभाया। साल 2023 में उन्होंने हिंदी सिनेमा में द आर्चीज से डेब्यू किया, जहां वह बेट्टी कूपर के रोल में नजर आईं। 2025 में उनकी पहली थिएटर रिलीज लवयापा रही, जिसमें वह जुनैद खान के साथ दिखीं। यह फिल्म तमिल फिल्म लव टुडे की रीमेक है।

अपने तीसरे प्रोजेक्ट के अनुभव को साझा करते हुए खुशी ने कहा कि पहले प्रोजेक्ट की तुलना में अब उन्हें अपनी अभिनय क्षमता पर कहीं ज्यादा आत्मविश्वास महसूस होता है।

इसके बाद वह धर्मैटिक एंटरटेनमेंट की रोमांटिक कॉमेडी नादानियां में डेब्यूटेंट इब्राहिम अली खान के साथ नजर आईं। शौना गौतम द्वारा निर्देशित इस नेटफ्लिक्स फिल्म में महिमा चौधरी, सुनील शेट्टी, दीया मिर्जा और जुगल हंसराज भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी साउथ दिल्ली की एक अमीर स्कूलगर्ल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने परिवार और क्लासमेट्स से बदला लेने के लिए एक नकली बॉयफ्रेंड को हायर करती है।

खबरों के मुताबिक, खुशी कपूर साल 2017 में आई फिल्म मॉम के दूसरे भाग में भी नजर आ सकती हैं। रवि उद्यावर द्वारा निर्देशित यह एक्शन थ्रिलर फिल्म दिवंगत श्रीदेवी अभिनीत थी, जिसमें वह अपनी सौतेली बेटी के साथ हुए अपराध का बदला लेने वाली मां की भूमिका में थीं। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, अक्षय खन्ना के साथ पाकिस्तानी कलाकार सजल अली और अदनान सिद्दीकी भी शामिल थे।

 

With inputs from IANS