जिम से लिया ब्रेक, अब पिलाटीज़ में फिटनेस का नया अंदाज़ अपना रहीं नरगिस फाखरीBy Admin Sat, 11 July 2026 08:58 PM

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री और फिटनेस प्रेमी नरगिस फाखरी इन दिनों अपनी फिटनेस रूटीन में नया बदलाव लेकर आई हैं। इस बार उन्होंने जिम की कड़ी एक्सरसाइज की जगह पिलाटीज़ सेशन को चुना और इसकी झलक अपने प्रशंसकों के साथ सोशल मीडिया पर साझा की।

नरगिस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पिलाटीज़ स्टूडियो से एक मिरर सेल्फी साझा की, जिसमें वह क्लास शुरू होने से पहले नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, "अब इस क्लास को आजमाने जा रही हूं... #Pilates on steroids."

हाल ही में नरगिस फिल्म 'हाउसफुल 5' में नजर आई थीं। तरुण मनसुखानी के निर्देशन में बनी यह कॉमेडी-थ्रिलर 'हाउसफुल' श्रृंखला की पांचवीं फिल्म है। इसमें अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, संजय दत्त, फरदीन खान, श्रेयस तलपड़े, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, डीनो मोरिया, जैकलीन फर्नांडिस, चित्रांगदा सिंह, सोनम बाजवा, सौंदर्या शर्मा, चंकी पांडे, निकितिन धीर और जॉनी लीवर सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म की कहानी एक अरबपति की मौत के बाद उसकी संपत्ति पर दावा करने वाले कई लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है। लग्जरी क्रूज पर आधारित इस मर्डर-मिस्ट्री कॉमेडी में हास्य और रोमांच का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है।

इसके अलावा नरगिस 'मस्ती 4' में भी दिखाई दीं, जिसका निर्देशन मिलाप जावेरी ने किया है। यह 'मस्ती' फिल्म श्रृंखला की चौथी कड़ी है, जिसमें रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

नरगिस ने वर्ष 2011 में रिलीज हुई फिल्म 'रॉकस्टार' से बॉलीवुड में पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने 'मद्रास कैफे', 'मैं तेरा हीरो' और 'हाउसफुल 3' जैसी फिल्मों में अभिनय किया। वह हॉलीवुड की एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'स्पाई' का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

इस वर्ष की शुरुआत में नरगिस ने दुबई से एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया था कि इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान वह चिंता और अनिद्रा से जूझ रही थीं। उन्होंने लिखा था कि अनिश्चितता का माहौल लगातार बेचैनी पैदा कर रहा था और उनका मन पूरी तरह सतर्क रहने के कारण उन्हें नींद भी नहीं आ रही थी।

 

With inputs from IANS